हिंदी
जम्मू: कड़ी सुरक्षा के बीच, 3,898 तीर्थयात्रियों का 22वां जत्था सोमवार को यहां से अमरनाथ यात्रा के लिए दोनों आधार शिविरों की ओर रवाना हुआ।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार अमरनाथ यात्रा एक जुलाई को अनंतनाग के पहलगाम और गांदरबल जिले के बालटाल से शुरू होने के बाद से अब तक 3.25 लाख से अधिक तीर्थयात्री 3,888 मीटर की ऊंचाई पर स्थित गुफा मंदिर में हिमलिंग के दर्शन कर चुके हैं।
अधिकारियों ने बताया कि कुल 3,898 तीर्थयात्री केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की भारी सुरक्षा के बीच 149 वाहनों के काफिले में सुबह यहां भगवती नगर यात्री निवास से रवाना हुए। इस जत्थे में 2,898 पुरुष, 898 महिलाएं, 90 साधु और 12 बच्चे शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि 50 वाहनों में भगवती नगर शिविर से बालटाल की ओर पहले 1,292 तीर्थयात्रियों का काफिला रवाना हुआ। इसके बाद 99 वाहनों में 2,606 तीर्थयात्रियों का दूसरा काफिला पहलगाम के लिए रवाना हुआ।
जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने 29 जून को तीर्थयात्रियों के पहले जत्थे को हरी झंडी दिखाई थी और तब से अब तक 1.2 लाख से अधिक तीर्थयात्री अमरनाथ यात्रा के लिए भगवती नगर शिविर से रवाना हो चुके हैं।
Published : 24 July 2023, 1:51 PM IST
No related posts found.