हिंदी
नयी दिल्ली: नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) के आदेश का खुलेआम उल्लंघन करते हुये कई विमान सेवा कंपनियाँ अब भी टिकट की बुकिंग कर रही हैं।
डीजीसीए ने एक सर्कुलर जारी कर कहा था कि लॉकडाउन के दूसरे चरण के बाद चार मई से यात्री उड़ानें शुरू करने के बारे में अभी कोई फैसला नहीं किया गया है। उसने सभी एयरलाइंस को निर्देश दिया था कि वे टिकट की बुकिंग अभी न करें। यात्री उड़ानें शुरू करने से पहले उन्हें तैयारी का पूरा समय दिया जायेगा और इसकी पूर्व सूचना दी जायेगी।
नागर विमानन नियामक के इस आदेश का उल्लंघन करते हुये स्पाइसजेट, गोएयर, इंडिगो और विस्तारा ने बुकिंग अब भी जारी रखी हुई है। उन्होंने सिर्फ इतना किया है कि बुकिंग की तारीख चार मई की बजाय कुछ दिन और आगे बढ़ा दी है। वहीं, सरकारी विमान सेवा कंपनी एयर इंडिया और निजी विमान सेवा कंपनी एयर एशिया इंडिया ने बुकिंग पूरी तरह से बंद की हुई है।
स्पाइसजेट और गोएयर की वेबसाइटों पर 16 मई या उसके बाद की यात्राओं के लिए टिकटों की बुकिंग हो रही है। वहीं इंडिगो और विस्तारा एक जून या उसके बाद की यात्राओं के लिए टिकटों की बुकिंग कर रही हैं। नागरिक उड्डयन मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने भी डीजीसीए के आदेश को ट्वीट करते हुये विमान सेवा कंपनियों को अभी बुकिंग न करने की सलाह दी थी। निजी एयरलाइंस नियामक के आदेश के साथ मंत्री की सलाह की भी अनदेखी कर रही हैं। (वार्ता)
Published : 20 April 2020, 3:26 PM IST
No related posts found.