हिंदी
नई दिल्ली: पश्चिमी दिल्ली के राजौरी गार्डन इलाके में मंगलवार तड़के एक व्यक्ति की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस को सुबह करीब नौ बजे पीसीआर कॉल मिली जिसमें फोन करने वाले भोलाराम ने बताया कि उसके भाई की हत्या कर दी गई है।
पश्चिमी दिल्ली के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अक्षत कौशल ने कहा कि पुलिस जब मौके पर पहुंची तो उसे राजौरी गार्डन स्थित टैगोर गार्डन में रहने वाले सतपाल का शव मिला।
मृतक सतपाल बेरोजगार था तथा शराब पीने का आदी था और लोगों से उसका अक्सर झगड़ा होता रहता था। पुलिस ने कहा कि सतपाल के भाई ने उसे घर की छत पर बेहोश पड़ा पाया।
उन्होंने कहा कि उसे एक छड़ से पीटा गया था जिसे बाद में बरामद कर लिया गया। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आरोपी मृतक का परिचित था। आशंका जताई जा रही है कि किसी विवाद को लेकर उसकी हत्या की गई होगी।
इस घटना के सिलसिले में राजौरी गार्डन पुलिस थाने में भारतीय दंड संहिता की धारा 302 (हत्या) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
Published : 12 April 2023, 10:31 AM IST
Topics : नई दिल्ली पीट पीटकर राजौरी गार्डन हत्या
No related posts found.