हिंदी
नयी दिल्ली: गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर कुल 901 पुलिसकर्मियों को पुलिस पदक से सम्मानित किया गया है।
केंद्रीय गृह मंत्रालय के बयान में बताया गया है कि वीरता के लिए पुलिस पदक (पीएमजी) से 140, विशिष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक (पीपीएम) से 93 और मेधावी सेवा के लिए पुलिस पदक (पीएम) से 668 पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया गया है।
मंत्रालय के मुताबिक 140 वीरता पुरस्कार प्राप्त करने वालों में से 80 पुलिसकर्मी उग्रवाद प्रभावित क्षेत्रों से हैं, वहीं, 45 कर्मी जम्मू-कश्मीर क्षेत्र से हैं। वीरता पुरस्कार प्राप्त करने वाले कर्मियों में 48 केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के हैं, जबकि महाराष्ट्र के 31, जम्मू-कश्मीर पुलिस के 25 , झारखंड पुलिस के 09 जवान शामिल हैं।
वहीं दिल्ली पुलिस, छत्तीसगढ़ पुलिस और सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के क्रमशः सात-सात जवानों को यह सम्मान मिला है। शेष अन्य राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सीएपीएफ) के जवान हैं।
मंत्रालय ने बताया कि पुलिस पदक (पीएमजी) जीवन और संपत्ति को बचाने, या अपराध को रोकने या अपराधियों को गिरफ्तार करने में विशिष्ट वीरता के आधार पर प्रदान किया जाता है।
विशिष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक (पीपीएम) पुलिस सेवा में विशेष विशिष्ट रिकॉर्ड के लिए प्रदान किया जाता है और सराहनीय सेवा के लिए पुलिस पदक (पीएम) संसाधन और कर्तव्य के प्रति समर्पण की विशेषता वाली मूल्यवान सेवा के लिए प्रदान किया जाता है। (वार्ता)
Published : 25 January 2023, 4:28 PM IST
Topics : केंद्रीय गृह मंत्रालय गणतंत्र दिवस नयी दिल्ली पुलिस पदक पुलिसकर्मियों पूर्व संध्या वीरता सम्मानित
No related posts found.