विशेष ट्रेन के 90 यात्री खाद्य विषाक्तता से अस्वस्थ, पुणे स्टेशन पर किया गया उपचार

चेन्नई और पालीताना के बीच संचालित एक विशेष ट्रेन में सवार करीब 90 यात्री भोजन विषाक्तता से अस्वस्थ हो गये। पढ़ें पूरी रिपोर्ट डाइनामाइट न्यूज़ पर

Updated : 29 November 2023, 4:55 PM IST
google-preferred

पुणे: चेन्नई और पालीताना के बीच संचालित एक विशेष ट्रेन में सवार करीब 90 यात्री भोजन विषाक्तता से अस्वस्थ हो गये। 

महाराष्ट्र के पुणे रेलवे स्टेशन पर डॉक्टरों ने सभी यात्रियों की जांच की और उन्हें आवश्यक उपचार प्रदान किया। उन्होंने बताया कि ट्रेन 50 मिनट बाद अपनी आगे की यात्रा के लिए रवाना हो गई।

डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी डॉ. शिवराज मानसपुरे ने बताया कि ‘भारत गौरव’ ट्रेन को एक समूह द्वारा गुजरात के पालीताना में एक धार्मिक समारोह के लिए निजी तौर पर बुक किया गया था।

उन्होंने बताया कि समूह ने निजी तौर पर भोजन खरीदा था और इसकी आपूर्ति रेलवे या भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम (आईआरसीटीसी) द्वारा नहीं की गई थी। उन्होंने बताया कि यात्रियों को परोसा गया खाना पेंट्री कार में तैयार किया गया था।

अधिकारी ने कहा, ‘‘सोलापुर और पुणे के बीच एक कोच के लगभग 80 से 90 यात्रियों ने खाद्य विषाक्तता की शिकायत की। उन्होंने बेचैनी, दस्त और सिरदर्द की शिकायत की।’’

उन्होंने कहा कि पुणे स्टेशन पर डॉक्टरों की एक टीम ने सभी यात्रियों की जांच की और उन्हें इलाज मुहैया कराया। अधिकारी ने कहा, ‘‘50 मिनट बाद ट्रेन रवाना हो गई। सभी यात्रियों की हालत स्थिर है।’’

Published : 
  • 29 November 2023, 4:55 PM IST

Related News

No related posts found.

Advertisement
Advertisement