म्यामां के 29 और सैनिक भाग कर मिजोरम पहुंचे

पड़ोसी देश म्यामां में सैन्य शिविर पर जुंटा विरोधी समूह के कब्जे के बाद 29 और सैनिक वहां से भाग कर मिजोरम पहुचे। पढ़िए डाईनामाइट न्यूज़ की पूरी रिपोर्ट

Updated : 17 November 2023, 11:37 AM IST
google-preferred

आइजोल: पड़ोसी देश म्यामां में सैन्य शिविर पर जुंटा विरोधी समूह के कब्जे के बाद 29 और सैनिक वहां से भाग कर मिजोरम पहुचे। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।

पीपुल्स डिफेंस फोर्स (पीडीएफ) के साथ हाल में हुई गोलीबारी के बाद म्यामां के कुल 74 सैन्यकर्मी भाग कर मिजोरम आ चुके हैं। हालांकि, इनमें से कई सैनिकों को वापस भेज दिया गया है।

पुलिस महानिरीक्षक (मुख्यालय) लालबियाकथांगा खियांग्ते ने पीटीआई-भाषा को बताया, ‘‘आज 29 और सैनिकों ने तियाउ नदी के पास चंफाई जिले के सैखुमफई में पुलिस और असम राइफल्स से संपर्क किया, जो भारत और म्यामां के बीच अंतरराष्ट्रीय सीमा पर कार्य करती है।’’

उन्होंने बताया कि वे अंतरराष्ट्रीय सीमा से कुछ किलोमीटर दूर म्यामां के चिन राज्य के तुईबुअल में स्थित अपने शिविर से भाग कर यहां आये हैं।

असम राइफल्स के एक अधिकारी ने कहा कि इन 29 म्यामां सैनिकों को अब भी उनके देश वापस नहीं भेजा गया है।

एक अधिकारी ने बताया कि पड़ोसी मुल्क से भाग कर यहां आने वाले सैनिकों में से 45 को मंगलवार को म्यामां की सैन्य सरकार को सौंप दिया गया।

डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार भारत ने बृहस्पतिवार को अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास म्यामां की सेना और जुंटा विरोधी समूहों के बीच संघर्ष को रोकने का आह्वान किया, जिससे मिजोरम में म्यामां के लोगों की आवक बढ़ गई है।

फरवरी 2021 में सेना द्वारा तख्तापलट कर सत्ता पर कब्जा करने के बाद से म्यामां में लोकतंत्र की बहाली की मांग को लेकर व्यापक विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं।

म्यामां की सेना अपने विरोधियों और सत्तारूढ़ शासन के खिलाफ सशस्त्र संघर्ष में शामिल लोगों के खिलाफ हवाई हमले कर रही है।

म्यामां भारत के रणनीतिक पड़ोसियों में से एक है और उग्रवाद प्रभावित नगालैंड और मणिपुर सहित कई पूर्वोत्तर राज्यों के साथ 1,640 किलोमीटर की सीमा साझा करता है।

म्यामां में सैन्य शासन द्वारा तख्तापलट करने के बाद फरवरी 2021 से 31,000 से अधिक लोगों ने मिजोरम में शरण ली है।

Published : 
  • 17 November 2023, 11:37 AM IST

Related News

No related posts found.