अगरकर के बाद कौन संभालेगा कमान? वसीम जाफर ने चीफ सेलेक्टर पद के लिए किया आवेदन

वसीम जाफर ने मुख्य चयनकर्ता पद के लिए आवेदन कर दिया है। अब सवाल है कि 31 टेस्ट का अनुभव उनकी दावेदारी को कितना मजबूत करेगा और चयन समिति में प्रज्ञान ओझा व रमेश पोवार की क्या भूमिका होगी?

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 17 October 2026, 9:47 AM IST

New Delhi: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) में राष्ट्रीय क्रिकेट टीम के मुख्य चयनकर्ता के खाली पद को भरने की प्रक्रिया के बीच पूर्व सलामी बल्लेबाज वसीम जाफर ने आवेदन किया है। जाफर ने खुद इसकी पुष्टि करते हुए कहा, “हां, मैंने इस पद के लिए आवेदन किया है।” पूर्व तेज गेंदबाज अजीत अगरकर का कार्यकाल आगे नहीं बढ़ाए जाने के बाद यह पद खाली हुआ है। इस बीच पूर्व स्पिनर प्रज्ञान ओझा और रमेश पोवार के नाम भी चयन समिति में संभावित दावेदारों के तौर पर चर्चा में हैं।

वसीम जाफर का अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट करियर

वसीम जाफर ने वर्ष 2000 से 2008 के बीच भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व किया। उन्होंने 31 टेस्ट और दो वनडे अंतरराष्ट्रीय मैच खेले। टेस्ट क्रिकेट में जाफर ने 34 की औसत से 1,944 रन बनाए, जिसमें पांच शतक शामिल हैं।

जाफर ने 2006 में वेस्टइंडीज दौरे पर दोहरा शतक लगाया था। इसके अलावा, उन्होंने 2007 में पाकिस्तान के खिलाफ कोलकाता में शतक जड़ा और उसी साल दक्षिण अफ्रीका में भी शतकीय पारी खेली थी। टेस्ट क्रिकेट में उनका अनुभव मुख्य चयनकर्ता पद की दौड़ में उनकी दावेदारी को अहम बनाता है।

Gautam Gambhir Birthday: सेना में जाना चाहते थे गौतम गंभीर, ऐसे बने भारतीय क्रिकेट टीम के हेड कोच, जानिये शानदार सफर के बारे में

प्रज्ञान ओझा से ज्यादा टेस्ट खेलने का मिलेगा फायदा?

चयन समिति के अध्यक्ष पद के लिए टेस्ट मैचों के अनुभव को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। खबर के मुताबिक, यदि क्रिकेट सलाहकार समिति वसीम जाफर के नाम पर विचार करती है, तो 31 टेस्ट खेलने का उनका अनुभव प्रज्ञान ओझा के मुकाबले अधिक होगा। ओझा ने भारत के लिए 24 टेस्ट मैच खेले हैं।

क्रिकेट सलाहकार समिति (CAC) में अशोक मल्होत्रा और जतिन परांजपे शामिल हैं। चयन प्रक्रिया में क्षेत्रीय प्रतिनिधित्व और टेस्ट मैचों के अनुभव की भूमिका अहम हो सकती है।

Bhuvneshwar Kumar की Team India में वापसी, 4 साल बाद T20 टीम में मिली जगह

रमेश पोवार भी चयन समिति की दौड़ में

इस बीच, बीसीसीआई के भीतर प्रज्ञान ओझा को चयन समिति के अध्यक्ष पद पर बनाए रखने के समर्थन की चर्चा है। यदि चयन समिति के गठन में बदलाव होता है, तो भारत के पूर्व स्पिनर रमेश पोवार का नाम भी सामने आ सकता है। पोवार ने भारत के लिए दो टेस्ट मैच खेले हैं और वह पश्चिम क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर सकते हैं।

हालांकि, मुख्य चयनकर्ता और चयन समिति के अन्य सदस्यों की नियुक्ति को लेकर अंतिम फैसला बीसीसीआई की प्रक्रिया के बाद ही स्पष्ट होगा।

Location :  New Delhi

Published :  17 October 2026, 9:47 AM IST