Site icon Hindi Dynamite News

यूपी की सोनम सिरोही ने अमेरिका में रचा इतिहास, वर्ल्ड पुलिस गेम्स में जीता मेडल, पढ़िए सफलता की कहानी

अमरोहा की बेटी सोनम सिरोही ने एक बार फिर अपने खेल के जज्बे और मेहनत से देश का नाम रोशन किया है। उन्होंने हाल ही में अमेरिका में आयोजित वर्ल्ड पुलिस गेम्स में ट्रिपल जंप में रजत पदक जीतकर अपने जीवन के एक और महत्वपूर्ण अध्याय को पूरा किया है। आईये जानते है सोनम की यह सफलता और संघर्ष की कहानी है।
Post Published By: Sapna Srivastava
Published:
यूपी की सोनम सिरोही ने अमेरिका में रचा इतिहास, वर्ल्ड पुलिस गेम्स में जीता मेडल, पढ़िए सफलता की कहानी

New Delhi: अमरोहा की बेटी सोनम सिरोही ने एक बार फिर अपने अथक परिश्रम और संघर्ष से खुद को साबित किया है। उन्होंने हाल ही में अमेरिका के बर्मिंघम में आयोजित वर्ल्ड पुलिस गेम्स में ट्रिपल जंप में रजत पदक जीता है। यह प्रतियोगिता उनके लिए एक बड़ी उपलब्धि साबित हुई है, क्योंकि यह तीसरी बार था जब सोनम ने इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में पदक जीता है। इससे पहले उन्होंने चीन और कनाडा में भी शानदार प्रदर्शन किया था।

सोनम का सफर आसान नहीं

सोनम का यह सफर आसान नहीं रहा। रजबपुर के गांव मोहम्मदपुर में जन्मी सोनम के माता-पिता किसान हैं, और उनकी प्रारंभिक शिक्षा गांव में ही हुई थी। 12वीं तक की पढ़ाई उन्होंने रजबपुर के नेहरू स्मारक इंटर कॉलेज से की, जहां पर उन्होंने खेलों में अपनी रुचि को भी बढ़ावा दिया। ट्रिपल जंप और लांग जंप में उनकी प्रतिभा देखते हुए उनके माता-पिता ने उनका पूरा साथ दिया।

सोनम का शिक्षा सफर

12वीं के बाद सोनम ने अमरोहा के जेएस कॉलेज में दाखिला लिया, लेकिन खेल के प्रति अपने जुनून को देखते हुए वे मुरादाबाद के सोनकपुर स्टेडियम में अभ्यास करने जाती थीं। दिन-रात मेहनत करने का ही परिणाम था कि 2015 तक उन्होंने प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिताओं में 48 स्वर्ण, 42 रजत और कांस्य पदक जीते।

2018 में सीआईएसएफ को जॉइन

2018 में सोनम को बीएसएफ में भर्ती होने का अवसर मिला, लेकिन बाद में उन्होंने सीआईएसएफ को जॉइन किया। इसके बाद 2019 में उन्हें चीन के चेंगदू शहर में अंतरराष्ट्रीय पुलिस गेम्स में भारत का प्रतिनिधित्व करने का मौका मिला, जहां उन्होंने गोल्ड और सिल्वर मेडल जीते।

स्वर्ण पदक जीकर भारत का मान बढ़ाया

2023 में कनाडा के विन्निपेग में हुई इसी प्रतियोगिता में भी सोनम ने स्वर्ण पदक जीकर भारत का मान बढ़ाया था। अब, 2025 में अमेरिका में हुए वर्ल्ड पुलिस गेम्स में रजत पदक जीतकर उन्होंने एक और इतिहास रच दिया है।

सोनम अमेरिका में हैं

अभी सोनम अमेरिका में हैं और उन्होंने इस पदक को पूरी तरह से राष्ट्र को समर्पित किया है। घर लौटने पर उनके परिवार, दोस्तों और जिले के लोग उनका स्वागत करने के लिए तैयार हैं।

Exit mobile version