
ईशांत शर्मा (Image: Social Media)
New Delhi: भारतीय क्रिकेट के लंबे कद वाले तेज गेंदबाज ईशांत शर्मा आज किसी पहचान के मोहताज नहीं हैं। जिस गेंदबाज ने अपनी रफ्तार और स्विंग से दुनिया के बड़े-बड़े बल्लेबाजों को परेशान किया। उसने क्रिकेट के मैदान के साथ-साथ अपनी कमाई की दुनिया में भी बड़ा मुकाम हासिल किया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक ईशांत शर्मा करीब 100 करोड़ रुपये की संपत्ति के मालिक हैं। आलीशान घर से लेकर महंगी कारों तक उनकी जिंदगी किसी स्टार से कम नहीं है।
ईशांत शर्मा का जन्म 2 सितंबर 1988 को दिल्ली में हुआ था। उन्होंने महज 14 साल की उम्र में क्रिकेट खेलना शुरू कर दिया था। 18 साल की उम्र में उन्होंने रणजी ट्रॉफी में डेब्यू किया और मई 2007 में बांग्लादेश दौरे पर भारत के लिए अपना पहला टेस्ट मैच खेला। धीरे-धीरे उन्होंने अपनी तेज गेंदबाजी से टीम इंडिया में खास जगह बना ली।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार ईशांत शर्मा की कुल संपत्ति करीब 100 करोड़ रुपये है। उनकी कमाई का बड़ा हिस्सा बीसीसीआई की मैच फीस, आईपीएल कॉन्ट्रैक्ट और ब्रांड एंडोर्समेंट से आता है। इसके अलावा ईशांत ने रियल एस्टेट और शेयर बाजार में भी निवेश किया है। वह एक शानदार घर में रहते हैं और उनके पास Audi S5 जैसी लग्जरी कारों का कलेक्शन भी है।
ईशांत शर्मा आईपीएल के शुरुआती सीजन से जुड़े खिलाड़ियों में शामिल रहे हैं। उन्होंने कोलकाता नाइटराइडर्स, डेक्कन चार्जर्स, सनराइजर्स हैदराबाद, राइजिंग पुणे सुपरजायंट्स, किंग्स इलेवन पंजाब, दिल्ली कैपिटल्स और गुजरात टाइटंस जैसी टीमों के लिए खेला है। आईपीएल में उन्होंने 117 मुकाबलों में 97 विकेट अपने नाम किए हैं।
ईशांत शर्मा ने भारतीय टेस्ट क्रिकेट में अपनी अलग पहचान बनाई है। उन्होंने 105 टेस्ट मैचों की 188 पारियों में 311 विकेट हासिल किए हैं। इस दौरान उनका गेंदबाजी औसत 32.40 और इकॉनमी 3.15 रही। उन्होंने टेस्ट क्रिकेट में 11 बार पांच विकेट हॉल और एक बार 10 विकेट हॉल लेने का कारनामा किया है। भारत के लिए टेस्ट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाजों की सूची में वह संयुक्त रूप से 7वें स्थान पर हैं।
अनिल कुंबले – 619 विकेट
रविचंद्रन अश्विन – 537 विकेट
कपिल देव – 434 विकेट
हरभजन सिंह – 417 विकेट
रवींद्र जडेजा – 356 विकेट
ईशांत शर्मा – 311 विकेट
जहीर खान – 311 विकेट
वनडे और टी20 में भी छोड़ी छाप
ईशांत शर्मा ने भारत के लिए 80 वनडे मैच खेले, जिसमें उन्होंने 115 विकेट हासिल किए। वहीं 14 टी20 इंटरनेशनल मैचों में उनके नाम 8 विकेट हैं। 2015 वनडे वर्ल्ड कप से पहले घुटने की चोट के कारण वह टूर्नामेंट नहीं खेल पाए। इसके बाद उनका व्हाइट बॉल करियर धीरे-धीरे खत्म हुआ, लेकिन टेस्ट क्रिकेट में उन्होंने शानदार वापसी की।
2018 में इंग्लैंड दौरे पर ईशांत शर्मा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 18 विकेट लिए। इसके बाद ऑस्ट्रेलिया दौरे पर शुरुआती तीन टेस्ट मैचों में उन्होंने 11 विकेट चटकाए। उस ऐतिहासिक सीरीज में भारत ने ऑस्ट्रेलिया को उसके घर में पहली बार टेस्ट सीरीज में हराने का गौरव हासिल किया था। ईशांत शर्मा का योगदान इस सफलता में बेहद अहम रहा।
Location : New Delhi
Published : 2 September 2026, 3:36 PM IST