FIFA World Cup 2026: स्पेन ने बेल्जियम को रौंदकर सेमीफाइनल में बनाई जगह, अब फ्रांस से होगा महामुकाबला

फीफा विश्व कप 2026 के रोमांचक क्वार्टर फाइनल में स्पेन ने बेल्जियम को 2-1 से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है। स्पेन के लिए रूइज और मेरिनो ने गोल दागे। इस ऐतिहासिक जीत के साथ स्पेन ने लगातार 36 मैचों में अजेय रहने का रिकॉर्ड बनाया। अब सेमीफाइनल में फ्रांस से महामुकाबला होगा।

Post Published By: सौम्या सिंह
Updated : 11 July 2026, 9:43 AM IST

New Delhi: फीफा विश्व कप 2026 के दूसरे क्वार्टर फाइनल में स्पेन ने रोमांचक जीत दर्ज करते हुए सेमीफाइनल का टिकट पक्का कर लिया है। लॉस एंजिलिस स्टेडियम में खेले गए इस कांटे के मुकाबले में स्पेन ने बेल्जियम को 2-1 से शिकस्त दी। स्पेन की इस ऐतिहासिक जीत के हीरो फाबियन रूइज़ और मिकेल मेरिनो रहे, जिन्होंने टीम के लिए शानदार गोल दागे। बेल्जियम की तरफ से एकमात्र गोल चार्ल्स डी केटेलारे ने किया। अब अंतिम-चार (सेमीफाइनल) में स्पेन का सामना दुनिया की दिग्गज और मौजूदा उपविजेता फ्रांस की टीम से डलास स्टेडियम में होगा।

फाबियन रूइज ने कोच के भरोसे को सही साबित किया

मैच की शुरुआत में स्पेन के मुख्य कोच लुइस डे ला फुएंते ने एक बड़ा दांव खेला। उन्होंने स्टार खिलाड़ी पेड्री की जगह फाबियन रूइज़ को स्टार्टिंग इलेवन (शुरुआती एकादश) में शामिल करके सबको हैरान कर दिया। कोच का यह फैसला मैच के 30वें मिनट में बिल्कुल सही साबित हुआ। दरअसल, दानी ओल्मो ने बेल्जियम के गोलपोस्ट पर एक जोरदार शॉट दागा, जिसे बेल्जियम के अनुभवी गोलकीपर थिबाउट कूर्तुआ ने रोक तो लिया, लेकिन गेंद उनके हाथ से छिटक गई। वहीं मुस्तैद खड़े फाबियन रूइज़ ने रीबाउंड पर बिना कोई गलती किए गेंद को गोल में डाल दिया और स्पेन को 1-0 की शुरुआती बढ़त दिला दी। इसके कुछ देर बाद युवा सनसनी लामिन यामाल ने भी गोल करने का एक बेहतरीन मौका बनाया, लेकिन उनका शॉट गोलपोस्ट के बेहद करीब से बाहर निकल गया।

यह भी पढ़ें- FIFA World Cup 2026 : मेसी मैजिक से मिस्र का सपना चकनाचूर, अर्जेंटीना ने आखिरी मिनटों में पलटी बाजी

डी केटेलारे ने दिलाई बेल्जियम को बराबरी

पहला हाफ खत्म होने से ठीक पहले बेल्जियम ने मैच में जोरदार वापसी की। 41वें मिनट में बेल्जियम के कप्तान केविन डी ब्रुने ने एक जादुई थ्रू पास देकर टिमोथी कास्टान्ये को आगे बढ़ाया। कास्टान्ये ने बिना देर किए एक सटीक क्रॉस बॉक्स के अंदर भेजा, जिस पर चार्ल्स डी केटेलारे ने बेहतरीन हेडर लगाते हुए गेंद को स्पेन के जाल में पहुंचा दिया। इस गोल की बदौलत बेल्जियम ने स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया और पहला हाफ इसी स्कोर पर समाप्त हुआ।

गोलकीपर की चोट और मेरिनो का 88वें मिनट में 'विजेता गोल'

दूसरे हाफ में दोनों ही टीमों ने बढ़त बनाने के लिए एक-दूसरे के गोलपोस्ट पर कई हमले किए, लेकिन असली टर्निंग पॉइंट 71वें मिनट में आया जब बेल्जियम के स्टार गोलकीपर थिबाउट कूर्तुआ चोटिल होकर मैदान से बाहर चले गए। उनकी जगह सेने लामेन्स को गोलकीपिंग की जिम्मेदारी सौंपी गई।

मैच जब 1-1 की बराबरी के साथ एक्स्ट्रा टाइम की तरफ बढ़ता दिख रहा था, तभी 88वें मिनट में स्पेन के पाउ क्यूबार्सी ने काफी दूर से एक दमदार शॉट लगाया। सब्स्टीट्यूट गोलकीपर सेने लामेन्स इस शॉट को पूरी तरह कंट्रोल नहीं कर पाए और गेंद उनके हाथ से छिटक गई। मैदान पर विकल्प के तौर पर उतरे स्पेन के मिकेल मेरिनो ने फुर्ती दिखाते हुए रीबाउंड पर जोरदार शॉट जमाया और स्कोर 2-1 कर दिया। मैच की अंतिम सीटी बजने तक बेल्जियम बराबरी नहीं कर सका और स्पेन ने सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया।

यह भी पढ़ें- FIFA World Cup 2026: जर्मनी का कमबैक, नीदरलैंड का तूफान… 10वें दिन कौन पहुंचा नॉकआउट के करीब?

मैच में बने ये बड़े और ऐतिहासिक रिकॉर्ड

इस रोमांचक मुकाबले के दौरान फुटबॉल इतिहास के कुछ बड़े रिकॉर्ड्स भी टूटे और बने-

उनाई सिमोन का रिकॉर्ड: बेल्जियम के चार्ल्स डी केटेलारे ने जब गोल किया, तो उन्होंने स्पेन के गोलकीपर उनाई सिमोन के लगातार 560 मिनट तक गोल न खाने के शानदार रिकॉर्ड पर ब्रेक लगा दिया। हालांकि, सिमोन ने इस दौरान इटली के वाल्टर जेंगा के 1990 विश्व कप में बनाए गए 517 मिनट के ऐतिहासिक रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया।

स्पेन का अजेय रथ: इस जीत के साथ स्पेन ने लगातार 36 मैचों में बिना हारे रहने (अपराजित) का रिकॉर्ड बना लिया है। इसके साथ ही स्पेन ने अर्जेंटीना के 2019-2022 के बीच बने 36 मैचों के अपराजित रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है। अब स्पेन से आगे सिर्फ इटली का 37 मैचों का ऑल-टाइम रिकॉर्ड है।

Location :  New Delhi

Published :  11 July 2026, 9:43 AM IST