BCCI ने नमन अवॉर्ड्स 2026 की सूची जारी कर दी है। भारतीय टेस्ट और वनडे टीम के कप्तान शुभमन गिल को मेंस क्रिकेटर ऑफ द ईयर यानी पॉली उमरीगर अवॉर्ड से सम्मानित किया जाएगा। वहीं भारतीय महिला टीम की स्टार बल्लेबाज स्मृति मंधाना को लगातार दूसरे साल बेस्ट महिला इंटरनेशनल क्रिकेटर ऑफ द ईयर का पुरस्कार मिलेगा।

शुभमन गिल (Img: Google)
New Delhi: भारतीय क्रिकेट की दुनिया में एक बार फिर बड़ी हलचल देखने को मिल रही है। मैदान पर बल्ले से विरोधियों की गेंदबाजी की ‘धज्जियां उड़ाने’ वाले खिलाड़ियों को अब साल के सबसे बड़े सम्मान से नवाजा जाने वाला है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने BCCI नमन अवॉर्ड्स 2026 की सूची जारी कर दी है, जिसमें भारत के स्टार बल्लेबाज शुभमन गिल को मेंस क्रिकेटर ऑफ द ईयर चुना गया है।
वहीं भारतीय महिला टीम की धाकड़ ओपनर स्मृति मंधाना को बेस्ट महिला इंटरनेशनल क्रिकेटर ऑफ द ईयर का पुरस्कार मिलने जा रहा है। यह सम्मान उन्हें रविवार, 15 मार्च को आयोजित होने वाली अवॉर्ड सेरेमनी में दिया जाएगा।
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने शनिवार को आधिकारिक तौर पर BCCI नमन अवॉर्ड्स 2026 की सूची जारी की। इस सूची में उन खिलाड़ियों को सम्मानित किया जाता है जिन्होंने पिछले एक साल के दौरान अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन किया हो। नमन अवॉर्ड्स भारतीय क्रिकेट के सबसे प्रतिष्ठित सम्मानों में से एक माने जाते हैं। इसकी शुरुआत साल 2006-07 में की गई थी। तब से हर साल पुरुष और महिला क्रिकेटरों को अलग-अलग श्रेणियों में सम्मानित किया जाता है।
मेंस कैटेगरी में साल के सर्वश्रेष्ठ इंटरनेशनल क्रिकेटर को दिया जाने वाला अवॉर्ड पॉली उमरीगर अवॉर्ड कहलाता है। इस बार यह सम्मान भारतीय टीम के कप्तान शुभमन गिल को मिलने जा रहा है। गिल फिलहाल भारतीय टेस्ट और वनडे टीम की कप्तानी संभाल रहे हैं और पिछले साल उनका प्रदर्शन बेहद शानदार रहा था। यह दूसरा मौका होगा जब उन्हें पॉली उमरीगर अवॉर्ड से सम्मानित किया जाएगा। गिल ने साल 2025 में टेस्ट क्रिकेट में शानदार बल्लेबाजी की। उन्होंने 9 टेस्ट मैचों में 983 रन बनाए और पूरे साल सबसे ज्यादा टेस्ट रन बनाने वाले बल्लेबाज भी रहे।
भारतीय क्रिकेटर Kuldeep Yadav की शादी को लेकर हलचल तेज, जानिए कब और कहां होंगे सात फेरे
शुभमन गिल के शानदार प्रदर्शन की सबसे बड़ी झलक इंग्लैंड के खिलाफ खेली गई पांच मैचों की टेस्ट सीरीज में देखने को मिली थी। इस सीरीज में गिल ने बल्लेबाजी करते हुए 754 रन बनाए थे और कई मौकों पर टीम इंडिया को मुश्किल परिस्थितियों से बाहर निकाला था। उनकी लगातार शानदार पारियों ने उन्हें दुनिया के सबसे भरोसेमंद बल्लेबाजों में शामिल कर दिया। सिर्फ टेस्ट ही नहीं, वनडे क्रिकेट में भी उनका प्रदर्शन मजबूत रहा। साल 2025 में खेले गए 11 वनडे मैचों में उन्होंने 490 रन बनाए और टीम के लिए अहम योगदान दिया।
भारतीय महिला क्रिकेट टीम की स्टार बल्लेबाज स्मृति मंधाना को भी इस साल बड़ा सम्मान मिलने जा रहा है। उन्हें लगातार दूसरे साल बेस्ट महिला इंटरनेशनल क्रिकेटर ऑफ द ईयर का अवॉर्ड दिया जाएगा। खास बात यह है कि यह पांचवीं बार होगा जब मंधाना इस प्रतिष्ठित सम्मान से नवाजी जाएंगी। मंधाना पिछले कई सालों से भारतीय महिला क्रिकेट की सबसे भरोसेमंद बल्लेबाजों में गिनी जाती हैं। उन्होंने कई अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में टीम को शानदार जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई है।
हालांकि पिछले साल शुभमन गिल के लिए एक समय ऐसा भी आया था जब उन्हें टी20 फॉर्मेट में खराब प्रदर्शन का खामियाजा भुगतना पड़ा था। टी20 वर्ल्ड कप 2026 से ठीक पहले उन्हें भारतीय टी20 टीम से बाहर कर दिया गया था। दरअसल साल 2025 की शुरुआत से ही गिल टी20 इंटरनेशनल में बड़ी पारियां खेलने में संघर्ष कर रहे थे।
गिल के टीम से बाहर रहने के बावजूद भारतीय टीम ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में शानदार प्रदर्शन किया था। फाइनल मुकाबले में भारत ने न्यूजीलैंड को 96 रनों से हराकर ऐतिहासिक जीत दर्ज की थी। यह जीत भारतीय क्रिकेट के लिए बेहद खास मानी गई और टीम इंडिया ने एक बार फिर दुनिया को अपनी ताकत का अहसास कराया।
BCCI नमन अवॉर्ड्स 2026 की भव्य सेरेमनी रविवार 15 मार्च को आयोजित की जाएगी। इस कार्यक्रम में भारतीय क्रिकेट के कई दिग्गज खिलाड़ी, अधिकारी और क्रिकेट से जुड़े अन्य लोग शामिल होंगे। इस मौके पर पिछले एक साल में शानदार प्रदर्शन करने वाले कई खिलाड़ियों को अलग-अलग श्रेणियों में सम्मानित किया जाएगा।