MS Dhoni Retirement: संन्यास के साथ टूटा माही का वादा, फैंस को चेपॉक में आखिरी मैच का था इंतजार

पिछले कई सालों से धोनी के क्रिकेट से संन्यास लेने की चर्चा होती रही है, लेकिन हर बार उन्होंने मैदान पर वापसी करके फैंस को चौंका दिया। अपना आखिरी मैच खेलने का वादा पूरा नहीं कर पाए, लेकिन उन्होंने फैंस से किया अपना एक दूसरा वादा निभाने का भरोसा जरूर दिया है। आइए जानते है दूसरी वादा क्या है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 18 November 2026, 11:05 AM IST

New Delhi: महेंद्र सिंह धोनी को भारतीय क्रिकेट के सबसे सफल कप्तानों में गिना जाता है। धोनी की खासियत यह रही है कि उन्होंने हमेशा अपनी बात और वादे को पूरा करने की कोशिश की है। उनकी कप्तानी में भारत ने 2011 में वनडे विश्व कप जीता था। वहीं, आईपीएल में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) को पांच बार चैंपियन बनाकर उन्होंने टीम को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया। पिछले कई सालों से धोनी के क्रिकेट से संन्यास लेने की चर्चा होती रही है, लेकिन हर बार उन्होंने मैदान पर वापसी करके फैंस को चौंका दिया। कभी उन्होंने 'डेफिनेटली नॉट' कहकर संन्यास की खबरों को खारिज किया, तो कभी फैंस को भरोसा दिलाया कि उनके अंदर अभी काफी क्रिकेट बाकी है। लेकिन मंगलवार, 17 नवंबर को आईपीएल से संन्यास लेने और चेन्नई सुपर किंग्स के मेंटर की भूमिका निभाने की आधिकारिक घोषणा के साथ ही उनका एक वादा अधूरा रह गया। इस फैसले से चेन्नई के करोड़ों फैंस को निराशा हुई, क्योंकि वे लंबे समय से उस पल का इंतजार कर रहे थे, जिसका धोनी ने भरोसा दिलाया था।

योे भी पढ़े- मुंबई इंडियंस ने अब तक 8 खिलाड़ियों को किया ट्रेड, लिस्ट में कई बड़े नाम शामिल

चेन्नई में आखिरी मैच खेलने का धोनी का वादा रह गया अधूरा

चेन्नई और एमए चिदंबरम स्टेडियम से महेंद्र सिंह धोनी का खास रिश्ता रहा है। इसी मैदान पर उन्होंने अपने टेस्ट करियर की शुरुआत की थी और यहां के फैंस ने उन्हें 'थाला' नाम दिया। धोनी ने साल 2021 में चेन्नई सुपर किंग्स को चौथी बार आईपीएल चैंपियन बनाने के बाद एक कार्यक्रम में फैंस से खास वादा किया था। उन्होंने कहा था कि वह अपने टी20 करियर का आखिरी मैच चेन्नई में ही खेलेंगे। उस दौरान धोनी ने अपने भविष्य को लेकर कहा था कि अभी संन्यास के बारे में सोचने का काफी समय है। उन्होंने बताया था कि जिस तरह उन्होंने अपना आखिरी घरेलू वनडे मैच अपने शहर रांची में खेला था, उसी तरह वह अपना आखिरी टी20 मुकाबला चेन्नई में खेलना चाहते हैं। धोनी ने यह भी कहा था कि उनका आखिरी टी20 मैच अगले साल होगा या पांच साल बाद, यह कहना मुश्किल है। लेकिन अब आईपीएल से संन्यास की घोषणा के बाद उनका यह वादा पूरा नहीं हो सका। यही वजह है कि चेन्नई के फैंस के लिए यह खबर भावुक करने वाली है।

अगले 15 से 20 साल तक रहेगें CSK के साथ(AI Generated ig)

 इस मैदान पर खेला आखिरी आईपीएल मैच

महेंद्र सिंह धोनी का चेन्नई के चेपॉक स्टेडियम में अपना आखिरी टी20 मैच खेलने का सपना पूरा नहीं हो सका। उन्होंने साल 2021 में फैंस से वादा किया था कि वह अपना आखिरी टी20 मुकाबला चेन्नई में ही खेलेंगे, लेकिन ऐसा नहीं हो पाया। धोनी का आखिरी आईपीएल मैच 25 मई 2025 को अहमदाबाद में गुजरात टाइटंस के खिलाफ हुआ था। इस मुकाबले में उन्हें बल्लेबाजी करने का मौका भी नहीं मिला। वहीं, आईपीएल में उनके बल्ले से निकली आखिरी पारी 20 मई 2025 को दिल्ली में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ आई थी। इस मैच में उन्होंने 16 रन बनाए थे। इस तरह धोनी बिना किसी खास विदाई मैच के ही आईपीएल के मैदान से विदा हो गए। उनके फैंस को हमेशा इस बात का मलाल रहेगा कि वह अपने पसंदीदा खिलाड़ी को चेन्नई के चेपॉक स्टेडियम में आखिरी बार खेलते हुए नहीं देख सके।

ये भी पढ़े- IPL 2027: Mini Auction से पहले टीमों के बड़े फैसले, 10 खिलाड़ियों को लेकर चौंकाया

अगले 15-20 साल तक CSK के साथ रहेंगे धोनी

भले ही महेंद्र सिंह धोनी चेन्नई के मैदान पर अपना आखिरी मैच खेलने का वादा पूरा नहीं कर पाए, लेकिन उन्होंने फैंस से किया अपना एक दूसरा वादा निभाने का भरोसा जरूर दिया है। धोनी ने साल 2025 में चेन्नई में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान कहा था कि वह अगले 15 से 20 साल तक चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के साथ जुड़े रहेंगे। इस दौरान धोनी ने कहा था कि वह हमेशा पीली जर्सी में नजर आएंगे। हालांकि, वह टीम के लिए खेलेंगे या किसी दूसरी भूमिका में रहेंगे, यह अलग बात है। उन्होंने साफ कहा था कि उनका और चेन्नई सुपर किंग्स का रिश्ता अगले 15-20 सालों तक बना रहेगा। धोनी के इस बयान से चेन्नई के फैंस को काफी खुशी मिली थी। अब आईपीएल से संन्यास के बाद मेंटर की भूमिका में उनकी नई पारी इसी वादे की शुरुआत मानी जा रही है।

Location :  New Delhi

Published :  18 November 2026, 11:05 AM IST