
New Delhi: आईपीएल 2026 के 47वें मुकाबले में मुंबई इंडियंस ने लखनऊ सुपर जायंट्स को 6 विकेट से हराकर शानदार जीत दर्ज की। 229 रनों के बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए मुंबई की शुरुआत विस्फोटक रही। रोहित शर्मा और रयान रिकेल्टन ने पहले विकेट के लिए 143 रनों की जबरदस्त साझेदारी की, जिसने मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया।
रोहित शर्मा इस मैच में प्लेइंग इलेवन में नहीं थे, लेकिन इम्पैक्ट प्लेयर के रूप में उतरकर उन्होंने अहम भूमिका निभाई।
इस मुकाबले में एक और नाम चर्चा में आ गया-रघु शर्मा। अपना दूसरा आईपीएल मैच खेल रहे इस गेंदबाज ने जैसे ही अपना पहला विकेट लिया, पूरा माहौल बदल गया। उन्होंने अक्षत रघुवंशी को अपनी ही गेंद पर कैच आउट कर आईपीएल करियर का पहला विकेट हासिल किया। लेकिन असली चर्चा उनके विकेट से ज्यादा उनके जश्न की हुई।
MI vs LSG: क्या आज मैदान पर उतरेंगे रोहित शर्मा? MI vs LSG से पहले सस्पेंस बरकरार
विकेट लेने के तुरंत बाद रघु शर्मा ने अपनी जेब से एक पर्ची निकाली। यह नजारा देखकर दर्शक और कमेंटेटर दोनों हैरान रह गए। पर्ची पर लिखा संदेश बेहद भावुक था- "राधे राधे, गुरुदेव की कृपा से 15 सालों का एक मुश्किल समय खत्म हुआ। ये मौका देने के लिए मुंबई इंडियंस (ब्लू एंड गोल्ड) का बहुत धन्यवाद। मैं सदैव आपका आभारी रहूंगा। जय श्री राम।"
पंजाब के जालंधर में जन्मे रघु शर्मा का क्रिकेट सफर आसान नहीं रहा। 11 मार्च 1993 को जन्मे इस गेंदबाज ने घरेलू क्रिकेट में लगातार मेहनत की। 33 साल की उम्र में उन्हें आईपीएल में मौका मिला, जो अपने आप में बड़ी बात है। मुंबई इंडियंस ने उन्हें 2025 में 30 लाख रुपये में खरीदा था, लेकिन पिछले सीजन उन्हें एक भी मैच खेलने का मौका नहीं मिला। इस साल चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ उन्होंने डेब्यू किया, हालांकि उस मैच में वह विकेट नहीं ले पाए थे।
MI vs LSG: वानखेड़े में करो या मरो की जंग, हारने वाली टीम प्लेऑफ से होगी बाहर ?
रघु शर्मा का फर्स्ट क्लास रिकॉर्ड काफी प्रभावशाली रहा है। उन्होंने 20 पारियों में 57 विकेट झटके हैं और 5 बार पांच विकेट लेने का कारनामा किया है। लिस्ट ए क्रिकेट में 12 मैचों में 18 विकेट और टी20 में 6 मैचों में 5 विकेट उनके नाम हैं।
Location : New Delhi
Published : 5 May 2026, 8:31 AM IST