धोनी खेलेंगे या लेंगे संन्यास? दिसंबर तक फैसला, CSK के खराब प्रदर्शन और फिटनेस पर माही ने दिया बड़ा बयान

बंगलूरू में एक हेल्थकेयर कार्यक्रम के दौरान एमएस धोनी ने आईपीएल में अपने भविष्य को लेकर अहम संकेत दिए हैं। धोनी ने स्पष्ट किया है कि अगले सीजन में खेलने का फैसला उनकी फिटनेस और डॉक्टरों की रिपोर्ट पर निर्भर करेगा, जिस पर दिसंबर से पहले निर्णय लिया जाएगा।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 25 October 2026, 10:45 AM IST

New Delhi: भारतीय क्रिकेट इतिहास के सबसे सफल कप्तानों में शुमार और चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के दिग्गज खिलाड़ी एमएस धोनी के आईपीएल में खेलने या संन्यास लेने को लेकर चर्चाएं एक बार फिर तेज हो गई हैं। बंगलूरू में आयोजित एक हेल्थकेयर कार्यक्रम के दौरान धोनी ने अपने अगले सीजन के खेलने को लेकर अहम संकेत दिए हैं। उन्होंने साफ किया है कि भविष्य का फैसला उनकी फिटनेस रिपोर्ट और शारीरिक क्षमता पर निर्भर करेगा।

फिटनेस टेस्ट और डॉक्टरों की रिपोर्ट तय करेगी फैसला

जब धोनी से यह सवाल किया गया कि क्या वह आईपीएल का एक और सीजन खेलना पसंद करेंगे, तो उन्होंने अपने चिर-परिचित मजाकिया अंदाज में इसका जवाब दिया। धोनी ने कहा, "डॉक्टर, मुझे पहले टेस्ट से गुजरना होगा। आपको मुझे मेडिकल रिपोर्ट देनी होगी और फिर दिसंबर से पहले मुझे यह देखना होगा कि मैं एक और सीजन खेलने के लिए कितना मजबूत हूं।"

उन्होंने चुटकी लेते हुए आगे कहा कि अगर वह मैदान पर उतरने की स्थिति में नहीं भी होते हैं, तो भी डॉक्टरों को उनकी सेहत का पूरा ध्यान रखना होगा ताकि उनकी यह 'पुरानी गाड़ी' सड़क पर अच्छी तरह चलती रहे।

Cricket Ground के बाद अब रेसिंग ट्रैक के स्टार बने MS Dhoni, KTM Duke के वीडियो ने लगाई इंटरनेट पर आग

चोट के कारण बीता सीजन रहा मुश्किल, वापसी पर टकटकी

गौरतलब है कि आईपीएल 2026 में धोनी को पिंडली (कफ) की गंभीर फिटनेस समस्याओं का सामना करना पड़ा था, जिसके कारण वह पूरे सीजन से बाहर रहे थे। उनकी यह अनुपस्थिति चेन्नई सुपर किंग्स के प्रशंसकों के लिए बेहद निराशाजनक रही थी। यही वजह है कि अब हर फैन की नजरें उनकी फिटनेस और आईपीएल 2027 में संभावित वापसी पर टिकी हुई हैं, हालांकि धोनी की तरफ से अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

सीएसके के खिताबी सूखे और खराब प्रदर्शन पर भी बोले माही

चेन्नई सुपर किंग्स ने आखिरी बार साल 2023 में धोनी की अगुवाई में आईपीएल का खिताब अपने नाम किया था। इसके बाद, साल 2024 से रुतुराज गायकवाड़ के हाथों में टीम की कमान सौंपी गई। कमान बदलने के बाद पिछले दो सीजन में टीम का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा है। साल 2025 में सीएसके अंक तालिका में सबसे निचले पायदान पर खिसक गई थी, जबकि 2026 के सीजन में टीम आठवें स्थान पर रही थी। टीम के इस खिताबी सूखे और लगातार संघर्ष के बीच धोनी की संभावित वापसी फैंस के लिए एक उम्मीद की किरण बन गई है।

Cricket News: रोहित शर्मा ने बनाया महारिकॉर्ड,बने दुनिया दूसरे बल्लेबाज

टी20 क्रिकेट के समीकरणों पर बात करते हुए धोनी ने कहा कि कागज पर किसी टीम का मजबूत नजर आना कोई मायने नहीं रखता, असली बात यह होती है कि मैदान पर सही दिन कौन सी टीम बेहतर प्रदर्शन करती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि टी20 जैसे छोटे और रोमांचक प्रारूप में शीर्ष टीमों के बीच का अंतर बेहद कम होता है और महज एक मैच का प्रदर्शन पूरे टूर्नामेंट का नतीजा बदल सकता है। इसके साथ ही उन्होंने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) की तारीफ करते हुए कहा कि इस टीम ने मैदान पर शानदार प्रदर्शन किया है और इस बात से बिल्कुल भी इनकार नहीं किया जा सकता।

Location :  New Delhi

Published :  25 October 2026, 10:45 AM IST