FIFA World Cup 2026: Messi की Hat-trick ने बढ़ाई रोमांच की गर्मी, अब Ronaldo के जवाबी वार का इंतजार

फीफा वर्ल्ड कप 2026 में लियोनेल मेसी ने अल्जीरिया के खिलाफ हैट्रिक लगाकर नया इतिहास रच दिया है। अब सबकी नजर क्रिस्टियानो रोनाल्डो पर है, जो कुछ ही घंटों बाद मैदान में उतरकर मेसी की उपलब्धि का जवाब देने की कोशिश कर सकते हैं।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 17 June 2026, 1:41 PM IST

New Delhi: फीफा वर्ल्ड कप 2026 में फुटबॉल प्रेमियों को एक बार फिर मेसी (Lionel Messi) और रोनाल्डो (Cristiano Ronaldo) की ऐतिहासिक प्रतिद्वंद्विता देखने को मिल रही है। अर्जेंटीना के कप्तान लियोनेल मेसी ने अल्जीरिया के खिलाफ शानदार हैट्रिक लगाकर न केवल अपनी टीम को 3-0 की जीत दिलाई, बल्कि विश्व कप इतिहास में भी एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।

मेसी ने रचा नया इतिहास

38 वर्षीय मेसी (Lionel Messi) ने मुकाबले में तीन गोल दागे और अर्जेंटीना को विजयी शुरुआत दिलाई। यह उनके विश्व कप करियर की पहली हैट्रिक रही। इसके साथ ही उन्होंने जर्मनी के पूर्व स्टार मिरोस्लाव क्लोज़े (Miroslav Klose) के विश्व कप में सर्वाधिक 16 गोल के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली। मेसी विश्व कप में छह संस्करण खेलने वाले पहले खिलाड़ी भी बन गए हैं। अल्जीरिया के खिलाफ मेसी ने 17वें, 60वें और 76वें मिनट में गोल किए। उनकी इस शानदार प्रदर्शन ने एक बार फिर साबित कर दिया कि उम्र उनके खेल पर कोई असर नहीं डाल रही है।

अब रोनाल्डो पर टिकी निगाहें

मेसी की इस उपलब्धि के बाद अब दुनिया भर के फुटबॉल प्रशंसकों की नजर पुर्तगाल के कप्तान क्रिस्टियानो रोनाल्डो (Cristiano Ronaldo) पर है। रोनाल्डो का मुकाबला कुछ ही घंटों बाद होना है और यदि वह शानदार प्रदर्शन करते हैं तो मेसी की चर्चा के बीच अपनी छाप छोड़ सकते हैं। रोनाल्डो अपने करियर में कई बार बड़े मंच पर हैट्रिक लगा चुके हैं। क्लब विश्व कप के फाइनल में हैट्रिक लगाने वाले वह अब तक के इकलौते खिलाड़ी हैं।

कैसे हो सकता है पलटवार?

फुटबॉल विशेषज्ञों का मानना है कि यदि पुर्तगाल को शुरुआती बढ़त मिलती है और रोनाल्डो को पर्याप्त मौके मिलते हैं, तो वह एक या उससे अधिक गोल कर सकते हैं। रोनाल्डो बड़े मुकाबलों में दबाव को अवसर में बदलने के लिए जाने जाते हैं। इसी वजह से फैंस उम्मीद कर रहे हैं कि वह मेसी की हैट्रिक के बाद अपने प्रदर्शन से सुर्खियां बटोर सकते हैं। हालांकि हैट्रिक लगाना आसान नहीं होगा, लेकिन रोनाल्डो के अनुभव और गोल करने की क्षमता को देखते हुए किसी भी संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। फुटबॉल जगत में दोनों दिग्गजों के बीच रिकॉर्ड और उपलब्धियों की यह जंग वर्षों से चल रही है और वर्ल्ड कप 2026 में भी इसका रोमांच जारी है।

फैंस को मिल रहा है यादगार मुकाबला

मेसी की ऐतिहासिक Hat-trick और रोनाल्डो के आगामी मैच ने फुटबॉल प्रेमियों के उत्साह को चरम पर पहुंचा दिया है। दोनों खिलाड़ियों ने पिछले दो दशकों में फुटबॉल पर राज किया है और अब उनके करियर के अंतिम विश्व कप चरणों में भी यह प्रतिस्पर्धा फैंस को रोमांचित कर रही है। आने वाले घंटों में यह साफ हो जाएगा कि क्या रोनाल्डो भी मैदान पर कुछ ऐसा कर पाएंगे, जिससे मेसी की हैट्रिक के बाद चर्चा का केंद्र बदल जाए।

Location :  New Delhi

Published :  17 June 2026, 1:41 PM IST