
लिंडा नोस्कोवा - फोटो : X
New Delhi: चेक गणराज्य की 21 वर्षीय टेनिस स्टार लिंडा नोस्कोवा ने विंबलडन 2026 महिला एकल का खिताब जीतकर इतिहास रच दिया। शनिवार को खेले गए ऑल-चेक फाइनल में नोस्कोवा ने अनुभवी खिलाड़ी कैरोलिना मुचोवा को 6-2, 5-7, 6-3 से हराकर अपने करियर का पहला ग्रैंड स्लैम खिताब अपने नाम किया। दूसरे सेट में पांच मैच प्वाइंट गंवाने के बावजूद उन्होंने धैर्य नहीं खोया और निर्णायक सेट में दमदार वापसी करते हुए चैंपियन बनने का सपना पूरा कर लिया।
फाइनल की शुरुआत से ही नोस्कोवा ने आक्रामक खेल दिखाया और पहला सेट 6-2 से आसानी से अपने नाम कर लिया। दूसरे सेट में भी वह जीत के बेहद करीब पहुंच गई थीं, लेकिन लगातार पांच मैच प्वाइंट भुनाने में नाकाम रहीं। इसका फायदा उठाकर मुचोवा ने 7-5 से दूसरा सेट जीत लिया। हालांकि तीसरे और निर्णायक सेट में नोस्कोवा ने मानसिक मजबूती का शानदार परिचय देते हुए 6-3 से मुकाबला जीत लिया।
इस जीत के साथ लिंडा नोस्कोवा पिछले चार वर्षों में विंबलडन महिला एकल खिताब जीतने वाली तीसरी चेक खिलाड़ी बन गई हैं। इससे पहले मार्केटा वोंद्रोसोवा (2023) और बारबोरा क्रेजिकोवा (2024) यह उपलब्धि हासिल कर चुकी हैं। नोस्कोवा की जीत ने एक बार फिर महिला टेनिस में चेक गणराज्य की मजबूत मौजूदगी साबित कर दी।
फाइनल मुकाबले को देखने के लिए दो बार की विंबलडन चैंपियन पेट्रा क्वितोवा और नौ बार की विंबलडन विजेता मार्टिना नवरातिलोवा भी मौजूद थीं। नवरातिलोवा रॉयल बॉक्स में प्रिंसेस ऑफ वेल्स केट के साथ बैठी नजर आईं। मुकाबले के बाद प्रिंसेस ऑफ वेल्स ने लिंडा नोस्कोवा को प्रतिष्ठित वीनस रोजवॉटर डिश प्रदान की।
दिलचस्प बात यह रही कि लिंडा नोस्कोवा और कैरोलिना मुचोवा ने पेरिस ओलंपिक 2024 में महिला युगल स्पर्धा में एक साथ हिस्सा लिया था। दोनों की जोड़ी चौथे स्थान पर रही थी। लेकिन इस बार विंबलडन के सबसे बड़े मंच पर दोनों आमने-सामने थीं, जहां युवा नोस्कोवा ने जीत दर्ज कर अपने करियर का सबसे बड़ा खिताब हासिल कर लिया।
महिला फाइनल के बाद अब सभी की निगाहें रविवार को होने वाले पुरुष एकल फाइनल पर हैं। दुनिया के नंबर-1 खिलाड़ी यानिक सिनर अपने खिताब का बचाव करेंगे, जबकि उनके सामने फ्रेंच ओपन चैंपियन अलेक्जेंडर ज्वेरेव की चुनौती होगी।
Location : New Delhi
Published : 12 July 2026, 8:49 AM IST
Topics : Linda Noskova Tennis News Wimbledon 2026