भारत-न्यूजीलैंड दूसरा टी-20 आज, वैभव सूर्यवंशी की एंट्री तय? टीम इंडिया रचेगी इतिहास!

भारत-न्यूजीलैंड दूसरा टी-20 आज क्राइस्टचर्च में खेला जाएगा। ईशान किशन की चोट के बीच वैभव सूर्यवंशी को मौका मिलने की उम्मीद है। टीम इंडिया अपना 300वां टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलेगी और जीत के साथ 200 जीत का रिकॉर्ड बना सकती है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 24 October 2026, 10:48 AM IST

New Delhi: भारत और न्यूजीलैंड के बीच पांच टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों की सीरीज का दूसरा मुकाबला आज क्राइस्टचर्च के हेगले ओवल में खेला जाएगा। भारतीय टीम पहले मैच में जीत दर्ज कर सीरीज में 1-0 से आगे है। इस मुकाबले में युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को प्लेइंग इलेवन में मौका मिलने की उम्मीद है। ईशान किशन के चोटिल होने के कारण दूसरे मैच से बाहर रहने के बाद सूर्यवंशी के लिए टीम में जगह बनाने का रास्ता खुला है। भारतीय बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक ने भी प्री-मैच कॉन्फ्रेंस में उनके खेलने के संकेत दिए हैं।

भारत खेलेगा अपना 300वां टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला

भारत के लिए यह मुकाबला ऐतिहासिक होने जा रहा है। टीम इंडिया अपना 300वां टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलेगी और इस मुकाम तक पहुंचने वाली दुनिया की दूसरी टीम बन जाएगी। पाकिस्तान 304 मुकाबलों के साथ इस सूची में पहले स्थान पर है।

भारतीय टीम की नजर एक और बड़े रिकॉर्ड पर होगी। अगर भारत न्यूजीलैंड के खिलाफ जीत दर्ज करता है, तो वह टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 200 जीत हासिल करने वाली पहली टीम बन जाएगा।

ईशान को लगी चोट

ओपनिंग करेंगे वैभव या नंबर-3 पर मिलेगी जगह?

ईशान किशन की गैरमौजूदगी में सबसे बड़ा सवाल यह है कि वैभव सूर्यवंशी को किस क्रम पर बल्लेबाजी के लिए उतारा जाएगा। क्या वह ओपनिंग करेंगे या नंबर-3 पर खेलेंगे? एशियन गेम्स में भारत ने अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन और सूर्यवंशी को एक साथ मौका दिया था। उस समय सूर्यवंशी ने पारी की शुरुआत की थी, जबकि सैमसन तीसरे नंबर पर उतरे थे।

हालांकि, पिछले मुकाबले में सैमसन ने ओपनिंग करते हुए 33 गेंदों पर 67 रन की शानदार पारी खेली थी। ऐसे में टीम प्रबंधन उनकी भूमिका में बदलाव करने के बजाय सूर्यवंशी को नंबर-3 पर उतारने पर विचार कर सकता है।

भारत का पलड़ा भारी, न्यूजीलैंड भी देगा चुनौती

भारत और न्यूजीलैंड के बीच अब तक 32 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले गए हैं। इनमें भारत ने 20 मैच जीते हैं, जबकि न्यूजीलैंड को 11 मुकाबलों में जीत मिली है। एक मैच टाई रहा है। पिछले मैच में जीत के बाद भारतीय टीम का आत्मविश्वास बढ़ा हुआ है, लेकिन घरेलू परिस्थितियों में न्यूजीलैंड की चुनौती आसान नहीं होगी।

अभिषेक शर्मा और अर्शदीप सिंह पर रहेंगी निगाहें

भारतीय टीम के लिए 2026 में अभिषेक शर्मा ने बल्ले से शानदार प्रदर्शन किया है। उन्होंने 35 मैचों में 202.67 के स्ट्राइक रेट से 985 रन बनाए हैं। पहले मुकाबले में भी उन्होंने 12 गेंदों पर 29 रन बनाकर तेज शुरुआत दी थी।

गेंदबाजी में अर्शदीप सिंह भारत के प्रमुख हथियार बने हुए हैं। उन्होंने 28 मैचों में 36 विकेट लिए हैं। उनके अलावा भुवनेश्वर कुमार से भी पावरप्ले में शुरुआती विकेट दिलाने की उम्मीद होगी।

टिम सइफर्ट और मिचेल सैंटनर से न्यूजीलैंड को उम्मीद

न्यूजीलैंड की ओर से टिम सइफर्ट ने 2026 में 14 मैचों में 453 रन बनाए हैं। उनका स्ट्राइक रेट 164.13 रहा है। गेंदबाजी में कप्तान मिचेल सैंटनर की भूमिका अहम होगी। उन्होंने 17 मैचों में 14 विकेट लिए हैं और उनकी इकोनॉमी 7.89 रही है। पिछले मुकाबले में भी सैंटनर ने दो विकेट हासिल किए थे।

कैसी रहेगी हेगले ओवल की पिच?

हेगले ओवल में पहले टी-20 मुकाबले के दौरान 450 से ज्यादा रन बने थे। पिच पर शुरुआत में तेज गेंदबाजों को स्विंग मिलने की संभावना है, लेकिन बाद में बल्लेबाजों के लिए रन बनाना आसान हो सकता है। क्राइस्टचर्च में मैच के दौरान तापमान कम रहने की उम्मीद है। ओस की स्थिति को देखते हुए टॉस जीतने वाली टीम पहले गेंदबाजी का फैसला कर सकती है।

ईशान किशन की जगह कुमार कुशाग्र टीम में शामिल

ईशान किशन को पहले टी-20 मुकाबले के दौरान दाईं ओर की एडडक्टर मांसपेशियों में हल्की चोट लगी थी। इसी कारण वह दूसरे मैच से बाहर रहेंगे। उनकी जगह झारखंड के बल्लेबाज कुमार कुशाग्र को टीम में शामिल किया गया है। हालांकि, ईशान की चोट से उबरने में कितना समय लगेगा, इसे लेकर बीसीसीआई की ओर से कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई है।

अब सभी की निगाहें दूसरे टी-20 मुकाबले पर होंगी। भारतीय टीम जहां सीरीज में अपनी बढ़त मजबूत करना चाहेगी, वहीं वैभव सूर्यवंशी के प्रदर्शन पर भी क्रिकेट प्रशंसकों की खास नजर रहेगी।

Location :  New Delhi

Published :  24 October 2026, 10:48 AM IST