MLC 2026: ग्लेन मैक्सवेल की जादुई फील्डिंग ने मचाया धमाल, रनआउट वीडियो वायरल

मेजर लीग क्रिकेट 2026 में ग्लेन मैक्सवेल ने अनोखे अंदाज में क्विंटन डी कॉक को रनआउट कर दिया। पैरों के बीच से किए गए इस जादुई थ्रो का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पढ़ें पूरी रिपोर्ट

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 21 June 2026, 6:16 PM IST

New Delhi: मेजर लीग क्रिकेट (MLC) 2026 में ऑस्ट्रेलिया के स्टार ऑलराउंडर Glenn Maxwell ने अपनी शानदार फील्डिंग से क्रिकेट प्रेमियों को हैरान कर दिया। वॉशिंगटन फ्रीडम और MI New York के बीच खेले गए मुकाबले में मैक्सवेल ने ऐसा रनआउट किया, जिसे देखकर खिलाड़ी, कमेंटेटर और फैंस सभी दंग रह गए। इस शानदार फील्डिंग का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

मैक्सवेल के आगे फीकी है डी कॉक की चालाकी

मुकाबले के पहले ही ओवर में यह हैरतअंगेज घटना देखने को मिली। वॉशिंगटन फ्रीडम के कप्तान मैक्सवेल खुद गेंदबाजी कर रहे थे। स्ट्राइक पर मौजूद Nicholas Pooran ने एक डिफेंसिव शॉट खेला, जिसके बाद गेंद सीधे मैक्सवेल के पास पहुंच गई।

इसी दौरान नॉन-स्ट्राइकर एंड पर खड़े Quinton de Kock क्रीज से बाहर निकल चुके थे। मैक्सवेल ने एक पल भी गंवाए बिना अपनी बॉडी घुमाए बिना ही पैरों के बीच से पीछे की ओर थ्रो कर दिया। गेंद सीधा विकेटों पर लगी और डी कॉक रनआउट हो गए।

11 रन बनाकर लौटे पवेलियन

क्विंटन डी कॉक उस समय 11 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे थे। मैक्सवेल की चतुराई और फुर्ती के आगे वह खुद को बचा नहीं सके और उन्हें पवेलियन लौटना पड़ा। इस विकेट ने मैच का रुख भी बदल दिया और वॉशिंगटन फ्रीडम को शुरुआती बढ़त दिला दी।

'जैसन केल्सी स्पेशल' नाम मिला रनआउट को

मैक्सवेल के इस अनोखे रनआउट की तुलना लाइव कमेंट्री के दौरान NFL स्टार Jason Kelce की मशहूर स्नैपिंग तकनीक से की गई। कमेंटेटर्स ने इसे "जैसन केल्सी स्पेशल" नाम दिया और मैक्सवेल की क्रिकेटिंग समझ तथा फील्डिंग स्किल की जमकर तारीफ की।

सोशल मीडिया पर छाया वीडियो

मैक्सवेल के इस 'नो-लुक अंडरआर्म थ्रो' का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। क्रिकेट फैंस इसे साल के सबसे बेहतरीन और अनोखे रनआउट्स में से एक बता रहे हैं। कई प्रशंसकों ने इसे "फील्डिंग का मास्टरपीस" और "मैक्सवेल मैजिक" करार दिया है।

दुनिया के बेहतरीन फील्डरों में हैं शामिल

ग्लेन मैक्सवेल पहले भी अपनी फुर्तीली फील्डिंग और असाधारण क्रिकेटिंग दिमाग के लिए जाने जाते रहे हैं। लेकिन इस बार उन्होंने जिस अंदाज में रनआउट किया, उसने साबित कर दिया कि मैदान पर उनकी मौजूदगी विपक्षी टीम के लिए हमेशा खतरा बनी रहती है।

Location :  New Delhi

Published :  21 June 2026, 6:16 PM IST