
उनाई साइमन का कमाल (Img: Pexels)
New Delhi: फीफा विश्व कप 2026 में स्पेन ने अपनी शानदार रक्षात्मक खेल (Defence) के दम पर नया इतिहास रच दिया है। प्री-क्वार्टर फाइनल में पुर्तगाल को 1-0 से हराने के साथ ही स्पेन विश्व कप इतिहास की पहली टीम बन गई, जिसने लगातार 6 मैचों में क्लीन शीट (बिना गोल खाए मुकाबला खत्म करना) का रिकॉर्ड अपने नाम किया। इस जीत के साथ स्पेन ने क्वार्टर फाइनल में भी जगह बना ली।
स्पेन ने 1990 विश्व कप में इटली और 2006-10 के बीच स्विट्जरलैंड द्वारा बनाए गए लगातार पांच क्लीन शीट के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया। टीम का यह ऐतिहासिक सिलसिला 2022 विश्व कप में मोरक्को के खिलाफ प्री-क्वार्टर फाइनल के गोलरहित मुकाबले से शुरू हुआ था। इसके बाद मौजूदा विश्व कप में भी स्पेन ने लगातार विपक्षी टीमों को गोल करने का मौका नहीं दिया।
FIFA World Cup 2026: क्रिस्टियानो रोनाल्डो का सफर खत्म, फीफा विश्व कप जीतने का सपना टूटा
स्पेन के स्टार गोलकीपर उनाई साइमन ने लगातार 609 मिनट तक एक भी गोल नहीं खाने का नया विश्व रिकॉर्ड बना दिया। इससे पहले यह रिकॉर्ड इटली के दिग्गज गोलकीपर वाल्टर जेंगा के नाम था, जिन्होंने 1990 विश्व कप में 517 मिनट तक विपक्षी टीम को गोल नहीं करने दिया था।
साइमन ने ऑस्ट्रिया के खिलाफ मुकाबले में ही जेंगा का रिकॉर्ड तोड़ दिया था और पुर्तगाल के खिलाफ शानदार प्रदर्शन करते हुए उसे और आगे बढ़ा दिया।
पुर्तगाल के स्टार खिलाड़ी क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने पहले हाफ में दो बार स्पेन के गोल पर हमला बोला, लेकिन दोनों बार उनाई साइमन ने बेहतरीन बचाव किया। एक मौके पर उन्होंने हवा में छलांग लगाकर शानदार सेव किया, जिसने स्पेन की बढ़त और ऐतिहासिक क्लीन शीट दोनों को बरकरार रखा।
स्पेन की मजबूत डिफेंस और उनाई साइमन की शानदार फॉर्म ने टीम को खिताब का प्रबल दावेदार बना दिया है। लगातार छह क्लीन शीट के बाद अब फुटबॉल प्रेमियों की नजरें इस बात पर हैं कि क्या स्पेन इसी लय को बरकरार रखते हुए विश्व कप ट्रॉफी अपने नाम कर पाएगा।
Location : New Delhi
Published : 7 July 2026, 1:07 PM IST