ट्रेविस हेड ने IPL-2027 से नाम वापस लिया, अभिषेक शर्मा के लिए लिखा खास संदेश

ऑस्ट्रेलिया के स्टार बल्लेबाज ट्रेविस हेड ने आईपीएल 2027 से अपना नाम वापस लेने का फैसला किया है। हेड के इस फैसले से अभिषेक शर्मा भी भावुक हो गए। उन्होंने सोशल मीडिया पर अपने साथी खिलाड़ी के लिए एक खास संदेश शेयर किया आइए जानते वो संदेश क्या है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 18 November 2026, 11:41 AM IST

New Delhi: आईपीएल 2027 में सनराइजर्स हैदराबाद की मशहूर ओपनिंग जोड़ी टूटने जा रही है। अब अभिषेक शर्मा के साथ ट्रेविस हेड बल्लेबाजी करते नजर नहीं आएंगे। ऑस्ट्रेलिया के स्टार बल्लेबाज ट्रेविस हेड ने आईपीएल 2027 से अपना नाम वापस लेने का फैसला किया है। उनके इस फैसले के साथ ही अभिषेक शर्मा और ट्रेविस हेड की हिट जोड़ी 'ट्रैविसेक' का सफर भी खत्म हो गया है। हेड के इस फैसले से अभिषेक शर्मा भी भावुक हो गए। उन्होंने सोशल मीडिया पर अपने साथी खिलाड़ी के लिए एक खास संदेश शेयर किया और उनके साथ बिताए पलों को याद किया।

अभिषेक ने ट्रेविस हेड के साथ तस्वीर शेयर की

ट्रेविस हेड के आईपीएल 2027 से हटने के फैसले के बाद अभिषेक शर्मा ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर उनके साथ एक तस्वीर शेयर की। इसके साथ ही उन्होंने लिखा, 'हेडी, हर चीज के लिए शुक्रिया।' अभिषेक के इस संदेश से दोनों खिलाड़ियों के बीच अच्छी दोस्ती का अंदाजा लगाया जा सकता है। वहीं, ट्रेविस हेड ने भी सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर सनराइजर्स हैदराबाद की टीम और फैंस को अलविदा कहा। उन्होंने लिखा, 'इस रॉकस्टार के साथ मैदान पर उतरना बहुत याद आएगा।' दोनों खिलाड़ियों के इन संदेशों से उनके बीच की खास बॉन्डिंग साफ नजर आई।

ये भी पढ़े- MS Dhoni Retirement: संन्यास के साथ टूटा माही का वादा, फैंस को चेपॉक में आखिरी मैच का था इंतजार

आखिर क्यों आईपीएल से दूर हुए ट्रेविस हेड? खुद बताई वजह

सनराइजर्स हैदराबाद के साथ तीन शानदार सीजन बिताने के बाद ट्रेविस हेड ने आईपीएल से दूरी बनाने का फैसला किया है। टीम की ओर से शेयर किए गए अपने विदाई संदेश में हेड ने बताया कि उनके लिए यह फैसला लेना आसान नहीं था। उन्होंने कहा कि वह अपने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट करियर पर ज्यादा ध्यान देना चाहते हैं। इसके अलावा वह अपने परिवार के साथ भी अधिक समय बिताना चाहते हैं और काम के साथ निजी जिंदगी में बेहतर तालमेल बनाना चाहते हैं। हेड के मुताबिक, करियर के इस दौर में आईपीएल से ब्रेक लेना उनके लिए सही फैसला है। उन्होंने सनराइजर्स हैदराबाद के मालिकों, मैनेजमेंट, कोचिंग स्टाफ, टीम के खिलाड़ियों और फैंस यानी 'ऑरेंज आर्मी' का शुक्रिया अदा किया। उन्होंने कहा कि टीम के साथ बिताए गए पिछले तीन साल उनके लिए हमेशा खास रहेंगे और इन दिनों की यादें वह कभी नहीं भूलेंगे।

SRH के पर्स में आएगें 14 करोड़ रुपये(x)

आईपीएल में ऐसा रहा ट्रेविस हेड का प्रदर्शन

ट्रेविस हेड ने सनराइजर्स हैदराबाद की ओर से तीन सीजन में कुल 43 मैच खेले। इस दौरान उन्होंने 1351 रन बनाए और उनका स्ट्राइक रेट 176.14 रहा। आईपीएल 2024 में हेड का प्रदर्शन काफी शानदार रहा था। उन्होंने उस सीजन में 533 रन बनाए थे और अपनी बेहतरीन बल्लेबाजी से टीम को फाइनल तक पहुंचाने में अहम योगदान दिया था।

ये भी पढ़े- IPL 2027: Mini Auction से पहले टीमों के बड़े फैसले, 10 खिलाड़ियों को लेकर चौंकाया

हेड के जाने से SRH के पर्स में आएंगे 14 करोड़ रुपये

सनराइजर्स हैदराबाद ने ट्रेविस हेड को आईपीएल 2025 से पहले 14 करोड़ रुपये में अपनी टीम में बरकरार रखा था। अब हेड के टीम से बाहर होने के बाद फ्रेंचाइजी के पास नीलामी में खर्च करने के लिए 14 करोड़ रुपये की अतिरिक्त रकम होगी। आईपीएल 2027 के लिए सनराइजर्स हैदराबाद ने हेड के अलावा कुछ अन्य खिलाड़ियों को भी टीम से रिलीज किया है। ऐसे में अगले सीजन के लिए टीम को अभिषेक शर्मा के साथ पारी की शुरुआत करने के लिए नए खिलाड़ी की तलाश करनी होगी। आईपीएल 2027 की मिनी नीलामी 16 दिसंबर को गोवा में होगी।

Location :  New Delhi

Published :  18 November 2026, 11:41 AM IST