CWG 2026: ग्लास्गो में 39 पदकों के धमाके के साथ पदक तालिका में भारत चौथे स्थान पर पहुंचा

कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारत ने 39 पदकों के साथ पदक तालिका में चौथा स्थान हासिल कर लिया है। बॉक्सिंग, जूडो और एथलेटिक्स में खिलाड़ियों ने इतिहास रचा। क्या अंतिम दिन भारत 40 पदकों का आंकड़ा पार कर नया रिकॉर्ड बनाएगा? जानिए पूरी रिपोर्ट।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 2 August 2026, 1:56 PM IST

New Delhi: ग्लास्गो में आयोजित कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पदक तालिका में चौथा स्थान हासिल कर लिया है। प्रतियोगिता के 10वें दिन भारतीय खिलाड़ियों ने मुक्केबाजी, जूडो, एथलेटिक्स और पैरा एथलेटिक्स में बेहतरीन प्रदर्शन किया, जिससे भारत के कुल पदकों की संख्या 39 पहुंच गई। भारत के खाते में अब 13 स्वर्ण, 17 रजत और 9 कांस्य पदक हैं। इस प्रदर्शन के साथ भारत ने ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड और कनाडा के बाद चौथा स्थान हासिल किया है।

कुश्ती और बैडमिंटन के बिना भी भारत ने रचा इतिहास

इस बार भारत ने अपने पारंपरिक मजबूत खेलों जैसे कुश्ती, बैडमिंटन और हॉकी के बिना भी शानदार प्रदर्शन किया है। मुक्केबाजी में रिकॉर्ड सात स्वर्ण, जूडो में पहली बार दो गोल्ड और एथलेटिक्स में कई ऐतिहासिक उपलब्धियों ने भारतीय अभियान को खास बना दिया। खिलाड़ियों के दमदार प्रदर्शन ने देश को कई यादगार पल दिए हैं।

 Commonwealth Games 2026: भारत की झोली में गोल्ड, जूडो में अस्मिता और हर्ष ने कर दिखाया कमाल

मुक्केबाजी में भारत का दबदबा

भारतीय मुक्केबाजों ने इस बार सबसे शानदार प्रदर्शन किया। महिला वर्ग में प्रीति पवार (54 किग्रा), जैस्मिन लंबोरिया (57 किग्रा), साक्षी चौधरी (51 किग्रा), अरुंधति चौधरी (70 किग्रा) और प्रिया घंघास (60 किग्रा) ने स्वर्ण पदक जीते। पुरुष वर्ग में सचिन सिवाच (60 किग्रा) और अंकुश (70 किग्रा) ने भी गोल्ड अपने नाम किया। वहीं लवलीना बोरगोहेन, जादूमणि सिंह और नरेंद्र बेरवाल ने रजत पदक जीतकर भारत के मुक्केबाजी अभियान को कुल 10 पदकों तक पहुंचा दिया।

जूडो और एथलेटिक्स में भी मिला ऐतिहासिक प्रदर्शन

जूडो में अस्मिता डे और हर्ष सिंह राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण जीतने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी बने। यामिनी मौर्य ने रजत और उन्नति शर्मा ने कांस्य पदक जीतकर भारत को इस खेल में रिकॉर्ड चार पदक दिलाए। एथलेटिक्स में गुलवीर सिंह ने 5000 मीटर दौड़ में कांस्य पदक जीतकर इतिहास रचा। वह एक ही कॉमनवेल्थ गेम्स में एथलेटिक्स में दो पदक जीतने वाले पहले भारतीय बने। इससे पहले वह 10,000 मीटर में रजत जीत चुके थे। वहीं प्रवीण चित्रावेल ने ट्रिपल जंप में रजत और सेल्वा प्रभु ने कांस्य पदक अपने नाम किया।

Commonwealth Games 2026: ग्लासगो में पांचवें दिन छाया भारत; 1 गोल्ड समेत जीते 6 मेडल, पदकों की संख्या पहुंची 10

पैरा एथलेटिक्स में भी भारत का शानदार प्रदर्शन

पैरा एथलेटिक्स में सोमन राणा ने पुरुष F57 शॉटपुट स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतकर भारत की झोली में एक और गोल्ड डाला। इसी स्पर्धा में शुभम जुयाल ने रजत पदक हासिल किया। इससे पहले शर्मिला धनखड़ और दिलीप महादू गावित भी अपने-अपने वर्ग में स्वर्ण पदक जीत चुके हैं, जिससे भारत का प्रदर्शन और मजबूत हुआ है।

अंतिम दिन 40वें पदक पर नजर

रविवार को प्रतियोगिता के अंतिम दिन भारत की चुनौती जूडो और ट्रैक साइक्लिंग में होगी। जूडो में ईशरूप नारंग, अवतार सिंह और यश घंघास से पदक की उम्मीद है, जबकि ट्रैक साइक्लिंग में भी भारतीय खिलाड़ी बेहतर प्रदर्शन करने के लिए तैयार हैं। यदि भारत एक और पदक जीतने में सफल रहता है तो उसका कुल पदक आंकड़ा 40 के पार पहुंच जाएगा।

Location :  New Delhi

Published :  2 August 2026, 1:56 PM IST