
तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार (Img: Google)
New Delhi: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के अनुभवी तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार (Bhuvneshwar Kumar) ने एक बार फिर साबित कर दिया कि अनुभव और अनुशासन का कोई विकल्प नहीं होता। मुंबई इंडियंस के खिलाफ खेले गए रोमांचक मुकाबले में भुवनेश्वर ने ऐसी गेंदबाजी की जिसने मैच का पूरा रुख बदल दिया।
चार ओवर के अपने घातक स्पेल में उन्होंने सिर्फ 23 रन देकर चार बड़े विकेट झटके और इसी के साथ आईपीएल 2026 में अपने 20 विकेट पूरे कर लिए। यह चौथी बार है जब भुवनेश्वर ने किसी एक आईपीएल सीजन में 20 या उससे ज्यादा विकेट हासिल किए हैं। इस उपलब्धि के साथ उन्होंने आईपीएल इतिहास में अपना नाम और मजबूत कर लिया।
भुवनेश्वर कुमार अब उन चुनिंदा गेंदबाजों की सूची में शामिल हो गए हैं जिन्होंने आईपीएल के अलग-अलग सीजन में चार बार 20 विकेट लेने का कारनामा किया है। इससे पहले उन्होंने 2014, 2016 और 2017 में यह उपलब्धि हासिल की थी।
इस रिकॉर्ड के साथ उन्होंने लसिथ मलिंगा (Lasith Malinga) और जसप्रीत बुमराह (Jasprit Bumrah) की बराबरी कर ली है। आईपीएल में सबसे ज्यादा बार एक सीजन में 20 विकेट लेने का रिकॉर्ड फिलहाल युजवेन्द्र चहल (Yuzvendra Chahal) के नाम है, जिन्होंने पांच बार यह कमाल किया है।
36 वर्षीय भुवनेश्वर कुमार का आईपीएल करियर लगातार शानदार होता जा रहा है। उन्होंने अब तक 201 मैचों में 219 विकेट अपने नाम कर लिए हैं। उनकी स्विंग गेंदबाजी और डेथ ओवरों में सटीक लाइन-लेंथ आज भी बल्लेबाजों के लिए बड़ी चुनौती बनी हुई है।
भुवनेश्वर दो बार आईपीएल में एक पारी में पांच विकेट लेने का कारनामा भी कर चुके हैं। लंबे समय से भारतीय क्रिकेट में अपनी निरंतरता के लिए पहचाने जाने वाले भुवी ने इस सीजन में भी खुद को साबित किया है।
रायपुर में खेले गए मुकाबले में मुंबई इंडियंस ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में सात विकेट के नुकसान पर 166 रन बनाए। टीम की ओर से तिलक वर्मा (Tilak Varma) ने शानदार अर्धशतक लगाया, लेकिन भुवनेश्वर की धारदार गेंदबाजी ने मुंबई को बड़े स्कोर तक पहुंचने नहीं दिया। 167 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी आरसीबी की शुरुआत आसान नहीं रही, लेकिन क्रुणाल पांड्या (Krunal Pandya) की तूफानी बल्लेबाजी ने टीम को मुकाबले में बनाए रखा। आखिरकार बेंगलुरु ने आठ विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया और दो विकेट से रोमांचक जीत दर्ज की।
IPL 2026: KKR के स्पिनर्स ने दिल्ली को फंसाया, प्लेऑफ की राह हुई मुश्किल
शानदार प्रदर्शन के बाद भुवनेश्वर कुमार को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। लेकिन मैच के बाद उन्होंने जो कहा, उसने हर किसी का ध्यान खींच लिया। भुवनेश्वर ने कहा कि उनके लिए “मोटिवेशन” से ज्यादा “अनुशासन” मायने रखता है। उन्होंने कहा, “मोटिवेशन कुछ मिनटों या कुछ दिनों के लिए असर करता है, लेकिन अनुशासन आपको लगातार आगे बढ़ाता है। यही चीज मुझे लंबे समय तक खेलते रहने की ताकत देती है।” उन्होंने अपनी फिटनेस का श्रेय अपने निजी ट्रेनर और फिजियो को भी दिया। भुवनेश्वर ने बताया कि मैदान के बाहर भी फिटनेस पर लगातार मेहनत की जाती है।
अपनी गेंदबाजी रणनीति पर बात करते हुए भुवनेश्वर ने कहा कि किसी भी गेंदबाज के लिए सबसे जरूरी चीज विकेट और परिस्थितियों को जल्दी समझना है। उन्होंने कहा कि अगर पिच से मदद मिल रही हो तो लेंथ बॉल बेहद असरदार होती है, लेकिन फ्लैट विकेट पर गेंदबाज को अपनी रणनीति बदलनी पड़ती है। यही समझ एक गेंदबाज को बाकी खिलाड़ियों से अलग बनाती है।
भुवनेश्वर ने माना कि मुंबई इंडियंस के खिलाफ यह जीत आरसीबी के लिए बेहद जरूरी थी। उनके मुताबिक अगर टीम यह मुकाबला हार जाती तो प्लेऑफ की रेस में दबाव काफी बढ़ सकता था।
उत्तर प्रदेश के मेरठ से ताल्लुक रखते हैं और आईपीएल के सबसे अनुभवी तेज गेंदबाजों में गिने जाते हैं। साल 2011 में लीग में डेब्यू करने वाले भुवनेश्वर ने अब तक 201 मैच खेले हैं। इन मुकाबलों में उन्होंने शानदार गेंदबाजी करते हुए 219 विकेट हासिल किए हैं। उनका औसत 26.17 और इकॉनमी रेट 7.67 का रहा है। आईपीएल में उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 19 रन देकर 5 विकेट रहा है। खास बात यह है कि भुवनेश्वर दो बार एक मैच में पांच विकेट लेने का कारनामा कर चुके हैं।
Location : New Delhi
Published : 11 May 2026, 9:15 AM IST