
दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान अक्षर पटेल (image source: internet)
New Delhi: दिल्ली कैपिटल्स ने पंजाब किंग्स के खिलाफ शानदार अंदाज में तीन विकेट से जीत दर्ज कर प्लेऑफ की उम्मीदों को जिंदा रखा। 211 रन के बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए एक समय दिल्ली की टीम 74 रन पर चार विकेट गंवाकर मुश्किल में दिखाई दे रही थी। लेकिन कप्तान अक्षर पटेल और डेविड मिलर की शानदार साझेदारी ने मैच का रुख बदल दिया।
अक्षर पटेल ने 33 गेंदों में 56 रन की कप्तानी पारी खेली, जबकि डेविड मिलर ने 51 रन बनाकर टीम को संभाला। आखिरी ओवरों में आशुतोष शर्मा ने 24 रन की अहम पारी खेली। वहीं युवा खिलाड़ी माधव तिवारी ने सिर्फ 8 गेंदों में 18 रन बनाकर मैच को रोमांचक मोड़ दिया। आकिब नबी ने भी दो गेंदों में 10 रन ठोककर टीम को 19 ओवर में 216/7 तक पहुंचा दिया।
दिल्ली की इस जीत ने फैंस को भी हैरान कर दिया, क्योंकि टीम ने दबाव की स्थिति से शानदार वापसी करते हुए मुकाबला अपने नाम किया।
मैच के बाद कप्तान अक्षर पटेल ने कहा कि गेंदबाजों की वापसी इस मुकाबले का सबसे बड़ा टर्निंग प्वाइंट रही। उन्होंने बताया कि शुरुआती तीन-चार ओवरों में पंजाब के बल्लेबाज तेजी से रन बना रहे थे और टीम ने करीब 60 रन ठोक दिए थे। लेकिन इसके बाद गेंदबाजों ने शानदार वापसी करते हुए पावरप्ले में पंजाब को 72 रन पर रोक दिया।
अक्षर ने खासतौर पर मुकेश कुमार और माधव तिवारी की गेंदबाजी की तारीफ की। उन्होंने कहा कि टीम के युवा खिलाड़ी जिस तरह दबाव में प्रदर्शन कर रहे हैं, उससे दिल्ली कैपिटल्स का भविष्य मजबूत नजर आता है।
कप्तान ने साहिल और अन्य युवा खिलाड़ियों की भी तारीफ करते हुए कहा कि जब टीम में ऐसे खिलाड़ी हों तो कप्तान को काफी भरोसा मिलता है। उन्होंने कहा कि दिल्ली कैपिटल्स किसी भी परिस्थिति में मैच पलटने की क्षमता रखती है।
इस मैच की सबसे बड़ी चर्चा यह रही कि दिल्ली कैपिटल्स ने पूरे 20 ओवर तेज गेंदबाजों से कराए। आईपीएल इतिहास में यह 13वीं बार हुआ जब किसी टीम ने एक पारी में सभी 120 गेंदें तेज गेंदबाजों से फेंकीं।
दिल्ली के पास मैच में केवल एक स्पिनर अक्षर पटेल थे, लेकिन उन्होंने खुद भी गेंदबाजी नहीं की। मैच के बाद अक्षर ने इसका कारण बताते हुए कहा कि विकेट तेज गेंदबाजों के लिए मददगार था। शुरुआती ओवरों के बाद गेंद स्विंग और सीम दोनों कर रही थी। अक्षर ने कहा कि जब तेज गेंदबाजों को लगातार मदद मिल रही थी तो उन्होंने सोचा कि स्पिन की जरूरत नहीं है। यही वजह रही कि उन्होंने खुद गेंदबाजी करने के बजाय तेज गेंदबाजों पर भरोसा बनाए रखा।
Location : New Delhi
Published : 12 May 2026, 12:59 PM IST