पाक के खिलाफ आगरा के लाल की यादगार पारी; मां-बाप ने वर्ल्ड कप के सपने संजोये

एशिया कप में आगरा के मनल चौहान ने पाकिस्तान के खिलाफ 47 रन बनाकर भारतीय अंडर-19 टीम की जीत में अहम योगदान दिया। बेटे की सफलता पर परिवार में जश्न है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 17 November 2026, 10:51 AM IST

आगरा: एशिया कप में भारतीय अंडर-19 टीम की जीत के साथ आगरा के युवा क्रिकेटर मनल चौहान ने भी अपनी बल्लेबाजी से खास पहचान बनाई। पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले में मनल ने 47 रनों की शानदार पारी खेलकर टीम की जीत में अहम योगदान दिया। उनकी इस पारी से जहां भारतीय टीम की जीत का रास्ता मजबूत हुआ, वहीं आगरा स्थित उनके परिवार में भी खुशी की लहर दौड़ गई। बेटे की कामयाबी पर परिजन एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जश्न मना रहे हैं।

मनल ने अपनी पारी में तीन छक्के और तीन चौके लगाए। उनकी बल्लेबाजी ने क्रिकेट प्रेमियों का ध्यान खींचा। बेटे की इस उपलब्धि पर परिवार को गर्व है। मनल के पिता सुदीप चौहान और मां प्रीति चौहान के लिए यह पल बेहद खास है।

बचपन से क्रिकेट का शौक, पिता ने दिलाया एकेडमी में दाखिला

मनल के पिता सुदीप चौहान मैनपुरी के नगला जुला गांव के प्रधान हैं, जबकि मां प्रीति चौहान गृहिणी हैं। पिता ने बताया कि मनल को बचपन से ही क्रिकेट खेलने का शौक था। बेटे की रुचि को देखते हुए उन्होंने उसे क्रिकेट एकेडमी में दाखिला दिलाया और खेल के प्रति आगे बढ़ने का मौका दिया।

सुदीप चौहान के मुताबिक, शुरुआत में उन्हें बेटे की पढ़ाई को लेकर चिंता रहती थी। हालांकि, मनल ने भरोसा दिलाया कि वह क्रिकेट के साथ अपनी पढ़ाई पर भी ध्यान देगा। इसके बाद उसने दोनों के बीच संतुलन बनाकर आगे बढ़ना जारी रखा।

मनल ने अंडर-14 और अंडर-16 स्तर पर खेलने के बाद अंडर-19 टीम तक का सफर तय किया। उनके पिता ने बताया कि मनल ऑस्ट्रेलिया और श्रीलंका में भी क्रिकेट खेल चुका है और वहां पदक हासिल कर चुका है।

मां ने जीत का वादा याद किया, अब वर्ल्ड कप की उम्मीद

मनल की मां प्रीति चौहान ने बेटे की सफलता का श्रेय ठाकुर बांके बिहारी जी की कृपा को दिया। उन्होंने बताया कि जब मनल घर से खेलने के लिए निकला था, तब उसने जीतकर लौटने का वादा किया था।

प्रीति के मुताबिक, बेटे ने उनसे कहा था कि वह पूरी ताकत लगाकर जीत हासिल करेगा। मैच के दौरान मां होने के नाते उन्हें बेटे की बल्लेबाजी देखने में डर और घबराहट महसूस हो रही थी। इसलिए उन्होंने उसकी परफॉर्मेंस पर लगातार नजर नहीं रखी। लेकिन जैसे ही भारतीय टीम की जीत की खबर मिली, उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा।

अब मां की इच्छा है कि मनल भारतीय सीनियर टीम में जगह बनाए और देश के लिए विश्व कप जीतकर लौटे। एशिया कप में पाकिस्तान के खिलाफ खेली गई 47 रनों की पारी ने मनल के परिवार को गर्व का यादगार मौका दिया है।

Location :  Agra

Published :  17 November 2026, 10:51 AM IST