
पंजाब के तरनतारन जिले से चौंकाने वाला मामला (Img: Pinterest)
Tarn Taran: पंजाब के तरनतारन जिले के गांव संघा में शुक्रवार को एक दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। अमृतसर जिले के गांव लोपोके निवासी लवप्रीत सिंह अपनी पत्नी संदीप कौर को मनाकर घर ले जाने के लिए उसके मायके पहुंचे थे। लेकिन बातचीत के दौरान विवाद इतना बढ़ गया कि मामला हिंसक हो गया। आरोप है कि गुस्से में आए साले ने युवक पर तेल डालकर आग लगा दी, जिससे उसकी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, लवप्रीत सिंह और उनके ससुराल पक्ष के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। आरोप है कि इसी दौरान साले साजन सिंह ने कथित तौर पर लवप्रीत पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा दी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना के दौरान चीख-पुकार सुनकर आरोपी की भाभी गुरजीत कौर बीच-बचाव के लिए आगे आईं। आग बुझाने की कोशिश में वह भी उसकी चपेट में आ गईं और गंभीर रूप से झुलस गईं। दोनों घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां लवप्रीत सिंह की मौत हो गई। बाद में इलाज के दौरान गुरजीत कौर ने भी दम तोड़ दिया।
बताया जा रहा है कि आग लगने की घटना में आरोपी साजन सिंह भी झुलस गया। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस की निगरानी में उसका उपचार जारी है और चिकित्सकीय स्थिति के अनुसार उससे पूछताछ की जाएगी।
गोरखपुर पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल, इन निरीक्षकों और उपनिरीक्षकों को मिली जिम्मेदारी
घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हालांकि, वीडियो की प्रामाणिकता की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। सूचना मिलने पर थाना सदर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है और जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Location : Tarn Taran
Published : 4 July 2026, 8:05 AM IST