
भाई-बहन का अटूट और अनमोल रिश्ता (Img- Pinterest)
Rohtak: भाई-बहन का रिश्ता केवल स्नेह और त्यौहारों तक सीमित नहीं होता, बल्कि यह एक-दूसरे के प्रति अटूट सुरक्षा कवच का प्रतीक है। रोहतक के बाबरा मोहल्ला निवासी राजेश गुप्ता ने इस रिश्ते की ऐसी मिसाल पेश की है, जो हर किसी के दिल को छू लेती है। जब उनकी इकलौती छोटी बहन की जिंदगी पर संकट आया, तो उन्होंने बिना झिझके अपनी एक किड़नी दान कर बहन को नई सांसें दीं।
राजेश गुप्ता की छोटी बहन प्रियंका की शादी रेलवे रोड निवासी मनोज गोयल से हुई है। कोरोना काल के दौरान प्रियंका को हाई ब्लड प्रेशर के कारण किड़नी फेलियर का सामना करना पड़ा। स्थिति इतनी गंभीर हो गई थी कि उन्हें सप्ताह में तीन बार डायलिसिस कराना पड़ता था। दिल्ली के द्वारका स्थित आकाश हेल्थकेयर अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था, लेकिन कोई सही डोनर न मिलने से परिवार बेहद चिंतित था।
बहन की नाजुक हालत और उनके 11 साल के मासूम बच्चे को देखकर राजेश गुप्ता से रहा नहीं गया। उन्होंने तुरंत अपनी किड़नी देने का फैसला किया। 16 मार्च 2021 को सफल ट्रांसप्लांट के जरिए राजेश ने अपनी बहन को एक नया जीवन दिया। नेफ्रोलॉजिस्ट डॉ. विक्रम कालरा के अनुसार, भाई का यह कदम बहन के लिए जीवनरक्षक साबित हुआ और आज दोनों पूरी तरह से स्वस्थ हैं।
आज भी हर रक्षाबंधन पर प्रियंका अपने भाई को राखी बांधने रोहतक आती हैं। प्रियंका का कहना है कि उनके भाई ने उन्हें जो दूसरी जिंदगी दी है, वह दुनिया का सबसे बड़ा तोहफा है। राजेश का मानना है कि अपनी बहन की खुशी और अच्छी सेहत से बढ़कर उनके लिए कुछ नहीं है। यह कहानी न केवल भाई-बहन के अमूल्य प्रेम को दर्शाती है, बल्कि समाज में अंगदान के प्रति जागरूकता का भी एक बड़ा संदेश देती है।
Location : Rohtak
Published : 28 August 2026, 2:09 PM IST