
भारत लाया गया खूंखार गैंगस्टर अफरीदी तूत
Tarantaran: पंजाब पुलिस को विदेश में छिपकर आपराधिक नेटवर्क चलाने वाले गैंगस्टरों के खिलाफ बड़ी कामयाबी मिली है। पंजाब की एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) और काउंटर इंटेलिजेंस की संयुक्त टीम ने मोस्ट वांटेड गैंगस्टर गुरविंदर सिंह उर्फ अफरीदी तूत को अफ्रीकी देश इथियोपिया से भारत वापस लाने में सफलता हासिल की है। उस पर पंजाब सरकार की ओर से 5 लाख रुपये का इनाम घोषित था।
पंजाब पुलिस के अनुसार, अफरीदी तूत को 'ऑपरेशन शाहिद' के तहत इथियोपिया से डिपोर्ट कराया गया है। रविवार, 8 नवंबर 2026 की सुबह पंजाब पुलिस की विशेष टीम उसे दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर लेकर पहुंची। इस अभियान में पंजाब पुलिस की एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स, काउंटर इंटेलिजेंस, केंद्रीय खुफिया एजेंसियों और विदेश से जुड़े सुरक्षा तंत्र ने मिलकर काम किया।
अफरीदी तूत पंजाब के तरनतारन जिले के गांव तूत का रहने वाला है। पुलिस के मुताबिक, वह विदेश में बैठे गैंगस्टरों के आपराधिक नेटवर्क से जुड़ा हुआ था और पंजाब में रंगदारी, जबरन वसूली, गोलीबारी तथा टारगेट किलिंग जैसी वारदातों में उसकी भूमिका बताई जाती है। उसके खिलाफ 35 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। कुछ रिपोर्टों में यह संख्या करीब 50 बताई गई है।
पंजाब पुलिस के अधिकारियों के मुताबिक, इस पूरे अभियान को 'ऑपरेशन शाहिद' नाम दिया गया था। AGTF के एसपी बिक्रम बराड़ के नेतृत्व में टीम ने एशिया, दक्षिण अमेरिका और अफ्रीका के कई देशों में खुफिया सूचनाएं जुटाईं। हाल ही में गठित ओवरसीज फ्यूजिटिव ट्रैकिंग एंड एक्सट्राडिशन सेल ने केंद्रीय गृह मंत्रालय, विदेश मंत्रालय और अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों के सहयोग से अफरीदी की लोकेशन का पता लगाया। इसके बाद उसे इथियोपिया से भारत डिपोर्ट कराया गया।
अयोध्या में दिखी रामकथा की वैश्विक झलक, श्रीलंका से दक्षिण अफ्रीका तक के कलाकारों ने बांधा समां
पुलिस के अनुसार, अफरीदी तूत का संबंध डोनी बल-प्रभ दासूवाल आपराधिक सिंडिकेट से बताया जाता है। उस पर विदेश में बैठकर पंजाब में आपराधिक गतिविधियों को अंजाम देने के लिए निर्देश देने के आरोप हैं। वह विदेश में बैठे गैंगस्टरों लखबीर सिंह हरिके और प्रभ दासूवाल के नेटवर्क से भी जुड़ा बताया जाता है।
अफरीदी का नाम तरनतारन के पट्टी क्षेत्र में ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष गुरमेल सिंह तूत की हत्या समेत कई गंभीर आपराधिक मामलों में सामने आया है। इसके अलावा 31 अगस्त 2022 को तरनतारन जिले के थक्करपुरा गांव के चर्च में हुई तोड़फोड़ और आगजनी की घटना में भी उसका नाम सामने आया था।
Ludhiana News: पहले कार के आगे लगाई स्कूटी, फिर चलाई गोलियां, CCTV में कैद हुई सनसनीखेज वारदात
इस घटना में चार नकाबपोश हमलावरों ने चर्च के सुरक्षा गार्ड को बंधक बनाकर भगवान यीशु और माता मरियम की मूर्तियों को क्षतिग्रस्त किया था और पादरी की कार में आग लगा दी थी। जून 2024 में गिरफ्तार आरोपी जसविंदर सिंह उर्फ मुंशी ने पूछताछ के दौरान अफरीदी को इस हमले का मुख्य साजिशकर्ता बताया था।
अफरीदी की भारत वापसी को पंजाब पुलिस के लिए बड़ी कामयाबी माना जा रहा है। अब पुलिस उससे पूछताछ कर विदेश में बैठे गैंगस्टरों के नेटवर्क, रंगदारी और टारगेट किलिंग से जुड़े मामलों में अन्य आरोपियों की भूमिका का पता लगाने की कोशिश करेगी।
Location : Tarantaran
Published : 8 November 2026, 1:18 PM IST