हरियाणा मानसून सत्र के पहले दिन ही बवाल! विधायकों में झड़प, काले कपड़ों में पहुंचे कांग्रेस, हुड्डा बोले- मुझे धक्का मारा

Haryana Assembly Monsoon Session: हरियाणा विधानसभा सत्र के पहले दिन कांग्रेस विधायकों और सुरक्षाकर्मियों के बीच भारी धक्का-मुक्की। भूपेंद्र हुड्डा ने धक्का मारने का आरोप लगाया। पेपर लीक और स्कूल बंदी के मुद्दों पर सदन में हुआ जोरदार हंगामा!

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 27 August 2026, 12:35 PM IST

Chandigarh: हरियाणा विधानसभा के मानसून सत्र की शुरुआत ही भारी हंगामे, नारेबाजी और धक्का-मुक्की के साथ हुई। राज्य में पेपर लीक और कर्मचारियों की हड़ताल जैसे सुलगते मुद्दों के विरोध में कांग्रेस के विधायक काले कपड़े पहनकर हाई कोर्ट चौक से विधानसभा तक पैदल मार्च करते हुए पहुंचे।

हालांकि, राज्यसभा चुनाव में भाजपा प्रत्याशी का समर्थन करने के कारण निलंबित कांग्रेस विधायक जरनैल सिंह, मोहम्मद इलियास और शैली चौधरी सामान्य कपड़ों में नजर आए।

विधानसभा के बाहर सुरक्षाकर्मियों से उलझे विधायक

विधानसभा भवन में प्रवेश के दौरान कांग्रेस विधायकों और सुरक्षाकर्मियों के बीच तीखी झड़प और धक्का-मुक्की देखने को मिली। कांग्रेस विधायकों ने आरोप लगाया कि उन्हें बलपूर्वक सदन में जाने से रोका गया। पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने इस घटना पर कड़ा ऐतराज जताते हुए कहा कि उनके साथ धक्का-मुक्की की गई। उन्होंने इसे लोकतंत्र का गला घोंटने वाला और बेहद निंदनीय कदम बताया। सदन के भीतर भी हुड्डा और विधानसभा अध्यक्ष हरविंदर सिंह कल्याण के बीच तीखी बहस हुई।

प्रश्नकाल और शून्यकाल में सरकार को घेरने की तैयारी

सदन की कार्यवाही शुरू होते ही दोनों पक्षों की तरफ से नारेबाजी होने लगी। पहले दिन प्रश्नकाल के दौरान राज्य के 1,107 प्राइवेट स्कूलों को बंद करने के फैसले, छठी कक्षा से कौशल विकास पाठ्यक्रम शुरू करने की योजना और एचसीएस अधिकारियों के वेतनमान जैसे मुद्दों पर विपक्ष ने सरकार को घेरा। इसके बाद शून्यकाल में विधायकों ने अपने क्षेत्रों की समस्याओं को उठाया।

अकाली दल ने बढ़ाया हाथ, BJP ने कर दिया इनकार! 117 सीटों पर अकेले लड़ने के ऐलान से पंजाब में गड़बड़ाया चुनावी गणित

सदन में पेश होंगे 4 महत्वपूर्ण संशोधन विधेयक

सत्र के दौरान विशेषाधिकार हनन समितियों की रिपोर्ट पेश की जाएगी। वहीं, हुड्डा समेत 7 कांग्रेस विधायकों पर जांच कर रही समिति अंतिम रिपोर्ट के लिए अतिरिक्त समय मांगेगी। इसके अलावा, सदन में 'बाबा श्री खाटू श्याम चुलकाना धाम पूजा स्थल विधेयक', 'हरियाणा न्यायालय (संशोधन) विधेयक', 'हरियाणा नगरपालिका (संशोधन) विधेयक' और 'हरियाणा नगर निगम विधेयक' पेश किए जाने हैं।

Location :  Chandigarh

Published :  27 August 2026, 12:35 PM IST