
प्रतीकात्मक छवि (Img- Envato)
Chandigarh: चंडीगढ़ में रिश्तों को तार-तार कर देने वाले एक बेहद खौफनाक मामले में अदालत ने ऐतिहासिक और कड़ा फैसला सुनाया है। अपने ही सगे भाई की बेरहमी से हत्या करने वाले कलयुगी भाई को अब अपनी पूरी जिंदगी जेल की सलाखों के पीछे गुजारनी होगी।
जिला अदालत ने मामले की गंभीरता को देखते हुए दोषी को उम्रकैद की सख्त सजा सुनाई है। इस फैसले के बाद पीड़ित परिवार को आखिरकार न्याय मिला है।
दिल दहला देने वाली यह वारदात चंडीगढ़ के डड्डूमाजरा इलाके में हुई थी। दोषी अजय अत्यधिक शराब पीने का आदी था। वारदात वाले दिन वह नशे में पूरी तरह धुत होकर घर पहुँचा और किसी बात पर विवाद करने लगा।
गुस्सा इस कदर बढ़ा कि उसने घर में रखे धारदार चाकू से अपने ही दो सगे भाइयों और अपनी जन्म देने वाली मां पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस अचानक हुए जानलेवा हमले से घर में चीख-पुकार मच गई। अजय ने तब तक वार किए जब तक कि तीनों लहूलुहान होकर गिर नहीं गए।
अजय द्वारा किए गए इस बर्बर हमले में उसके एक भाई को बेहद गंभीर चोटें आईं और अत्यधिक खून बह जाने के कारण उसने मौके पर ही तड़प-तड़पकर दम तोड़ दिया।
वहीं उसकी मां और दूसरा भाई इस हमले में गंभीर रूप से जख्मी हो गए थे, जिन्हें इलाज के बाद जैसे-तैसे बचाया जा सका। वारदात को अंजाम देने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्यारे अजय को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
मामले की सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष ने अदालत के सामने तमाम पुख्ता वैज्ञानिक सबूत और चश्मदीद गवाहों के बयान पेश किए। अदालत ने माना कि अजय ने जो अपराध किया है वह माफी के काबिल नहीं है। सभी गवाहों और सबूतों को सही पाते हुए जिला अदालत ने अजय को हत्या और जानलेवा हमले का दोषी करार दिया और उसे ताउम्र जेल में रहने का हुक्म सुना दिया।
Location : Chandigarh
Published : 13 July 2026, 2:31 PM IST