UP Breaking News Live: सियासत से लेकर अपराध तक, पढ़ें यूपी की हर छोटी-बड़ी खबरें एक क्लिक में

देश की राजधानी दिल्ली से संचालित डाइनामाइट न्यूज़ ने उत्तर प्रदेश की खबरों का नंबर-1 चहेता चैनल बनने का मुकाम हासिल किया है। इस खास उपल्ब्धि के मौके पर डाइनामाइट न्यूज़ उत्तर प्रदेश वासियों को खबरों का नया अनुभव देने जा रहे हैं। अब आपको उत्तर प्रदेश की सभी छोटी बड़ी खबरें केवल एक खबर में एक साथ पढ़ने को मिलेंगी। पढें यूपी की सभी खबरों को साथ यहां एक्सक्लूसिव लाइव ब्लॉग में...

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 23 October 2026 , 12:36 PM

Lucknow: देश की राजधानी दिल्ली से संचालित उत्तर प्रदेश की खबरों का नंबर-1 चैनल डाइनामाइट न्यूज़ नये प्रयोगों, बिग ब्रेकिंग समाचारों के साथ अपने कलेवर के लिए जाना जाता है। देश के सबसे अधिक जनसंख्या वाले राज्य यूपी का नंबर-1 चैनल होने के नाते हम अपने पाठकों के लिये खबरों की प्रस्तुतिकरण का नया अंदाज लेकर सामने आये हैं, जिससे प्रदेश वासियों को समाचारों का जानने का एक नया अनुभव मिलेगा। अपने पाठकों के लिये हम पेश कर रहे हैं यूपी की खबरों का एक लाइव ब्लॉग, जिसमें एक ही खबर में, एक ही जगह और एक क्लिक में आपको उत्तर प्रदेश की सभी खबरें एक साथ पढ़ने को मिलेंगी।

    LIVE NEWS & UPDATES

    • 23 Oct 2026 12:36 PM (IST)

      लखनऊ-सुल्तानपुर हाईवे पर भीषण सड़क हादसा

      लखनऊ-सुल्तानपुर हाईवे पर भाले सुल्तान शहीद स्मारक थाना क्षेत्र में कादूनाला चौकी के पास शुक्रवार देर रात अज्ञात वाहन की चपेट में बाइक आ गई। हादसे में बाराबंकी जिले के घुंघटेर थाना क्षेत्र के जमुआ गांव निवासी रोहित उर्फ खूनखून (25) और अटहरा गांव निवासी बृजेश उर्फ ग्लोस (22) की मौत हो गई। दोनों की मौत से परिवारों में मातम पसरा है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से चालक और वाहन की तलाश करने के साथ मामले में कार्रवाई में जुटी है। पुलिस के अनुसार, हादसा रात करीब नौ बजे हुआ। दोनों युवक बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान अज्ञात वाहन की चपेट में आने से दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।

    • 23 Oct 2026 12:34 PM (IST)

      हाथरस में MLC चुनाव के लिए मतदान जारी

      हाथरस के आगरा खंड शिक्षक एवं स्नातक विधान परिषद सदस्य (MLC) चुनाव के लिए शुक्रवार को हाथरस में मतदान जारी है। मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए मतदेय केंद्रों पर पहुंच रहे हैं। केंद्रों के आसपास प्रत्याशियों के समर्थकों ने तंबू लगाए हैं। मतदान के बीच मतदाताओं से बातचीत कर चुनाव, प्रत्याशियों और उनकी अपेक्षाओं को लेकर राय जानी गई। एक निजी शिक्षिका मतदाता मीनाक्षी सिंह ने कहा कि वह मतदान करने जा रही हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनके लिए काफी कुछ किया है और इसी भरोसे के साथ वह भाजपा के पक्ष में मतदान करने आई हैं।

    • 23 Oct 2026 12:33 PM (IST)

      बलिया में झंडा जलाने के प्रयास में दो अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज

      बलिया में सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो में कथित तौर पर एक युवक द्वारा मुंह में ज्वलनशील पदार्थ भरकर एक विशेष समुदाय के झंडे को जलाने का प्रयास किए जाने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई की है। वीडियो सामने आने के बाद गड़वार थाने में दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों की पहचान कर उन्हें हिरासत में ले लिया है। पुलिस के अनुसार, 22 अक्टूबर को सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल हुआ था। मामले में तहरीर मिलने के बाद गड़वार थाने पर संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया।

    • 23 Oct 2026 12:31 PM (IST)

      फर्रुखाबाद में एमएलसी चुनाव को लेकर मतदान जारी

      उत्तर प्रदेश में आज लोकतंत्र का पर्व मनाया जा रहा है। आगरा खंड स्नातक एवं शिक्षक एमएलसी चुनाव को लेकर जनपद फर्रुखाबाद में मतदान की प्रक्रिया जारी है। हमारी डायनामाइट न्यूज़ की टीम भी मतदान केंद्र पर मौजूद है और चुनाव से जुड़ी हर महत्वपूर्ण जानकारी आप तक पहुंचा रही है। आपको बताते चलें कि जनपद फर्रुखाबाद में कुल 11 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जहां 30 बूथों पर मतदान कराया जा रहा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, जिले में कुल 8,622 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।

    • 23 Oct 2026 12:29 PM (IST)

      बांदा में स्नातक निर्वाचन के लिए कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान शुरू

      बांदा जनपद में प्रयागराज-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए सुबह 8 बजे से मतदान प्रक्रिया शुरू हो गई है। शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराने के लिए जिले भर में 22 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जहां कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। मतदान को सुचारू रूप से चलाने के लिए 14 सेक्टर, 5 जोनल और 22 माइक्रो ऑब्जर्वर तैनात किए गए हैं। शाम 4 बजे तक वोटिंग जारी रहेगी। इस चुनावी मैदान में मुख्य मुकाबला सपा के डॉ. मानसिंह यादव और भाजपा के अशोक कुमार राठौर के बीच है, साथ ही कई निर्दलीय प्रत्याशी भी किस्मत आजमा रहे हैं।

    • 23 Oct 2026 12:23 PM (IST)

      फर्रुखाबाद में एमएलसी चुनाव के लिए मतदान जारी

      फर्रुखाबाद जनपद में आगरा खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के एमएलसी चुनाव को लेकर मतदान प्रक्रिया लगातार जारी है, जिसमें मतदाता बढ़-चढ़कर अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। शांतिपूर्ण और व्यवस्थित मतदान संपन्न कराने के लिए जिले में कुल 11 मतदान केंद्रों पर 30 बूथ बनाए गए हैं। इस चुनाव में समाजवादी पार्टी की ओर से स्नातक पद के लिए शशांक यादव उर्फ सीटू और शिक्षक पद के लिए डॉ. आकाश अग्रवाल मैदान में हैं। वहीं, भारतीय जनता पार्टी की तरफ से स्नातक प्रत्याशी डॉ. मानवेंद्र प्रताप सिंह और शिक्षक प्रत्याशी हरि किशोर तिवारी के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिल रहा है।

    • 23 Oct 2026 12:17 PM (IST)

      मुख्यमंत्री के राज में बढ़ा रामकथा का प्रचलन: धनंजय सिंह

      चंदौली से सैयदराजा विधायक सुशील सिंह द्वारा आयोजित राम कथा में शामिल होने पहुंचे पूर्व सांसद धनंजय सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यकाल में राम कथा के आयोजनों का प्रचलन काफी बढ़ा है। ओदरा गांव के दसवीं तालाब पर चल रही कथा में उन्होंने सनातन परंपरा को विश्व कल्याण और आपसी सद्भाव का संदेश देने वाला बताया। साथ ही, विशेश्वर धाम के भव्य मंदिर और तालाब के विकास मॉडल को पूरे प्रदेश में लागू करने की बात कही। आगामी विधानसभा चुनाव पर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि सरकार है और सरकार चलती रहेगी।

    • 23 Oct 2026 12:09 PM (IST)

      Kasganj: कड़ी सुरक्षा में एमएलसी चुनाव की वोटिंग शुरू

      कासगंज के आगरा खंड शिक्षक एवं स्नातक विधान परिषद निर्वाचन-2026 के लिए शुक्रवार सुबह मतदान शुरू हो गया। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच जिले के 20 मतदेय स्थलों पर मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। स्नातक सीट पर भाजपा, सपा और निर्दलीय प्रत्याशी के बीच त्रिकोणीय मुकाबले के आसार हैं, जबकि शिक्षक सीट पर भाजपा और सपा के बीच सीधी टक्कर मानी जा रही है। ऐसे में आज का मतदान प्रत्याशियों के साथ दोनों प्रमुख दलों की सियासी ताकत का भी इम्तिहान है।

    • 23 Oct 2026 12:04 PM (IST)

      फरेंदा ब्लॉक में सुबह आठ बजे शुरू हुआ शिक्षक निर्वाचन का मतदान

      उत्तर प्रदेश विधान परिषद के गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के निर्वाचन-2026 के तहत शुक्रवार सुबह आठ बजे फरेंदा ब्लॉक में मतदान शुरू हो गया। मतदान के लिए कुल 402 मतदाता निर्धारित हैं। निर्वाचन प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने सुरक्षा के आवश्यक इंतजाम किए हैं। मतदान शुरू होने से पहले ही निर्वाचन से जुड़ी तैयारियां पूरी कर ली गई थीं। सुबह आठ बजे निर्धारित समय पर मतदान प्रक्रिया प्रारंभ हुई। मतदान केंद्र पर सेक्टर मजिस्ट्रेट की निगरानी में चुनाव कराया जा रहा है। वहीं, सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस फोर्स की तैनाती की गई है। पुलिसकर्मी मतदान केंद्र पर मुस्तैद रहकर व्यवस्था बनाए रखने में जुटे हैं।

    • 23 Oct 2026 12:01 PM (IST)

      विधान परिषद की 11 सीटों के लिए वोटिंग आज

      उत्तर प्रदेश विधान परिषद के पांच खंड स्नातक और छह खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 के लिए आज मतदान होगा। मतदान सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक चलेगा। मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय के अनुसार, कानपुर नगर, कानपुर देहात और उन्नाव को छोड़कर प्रदेश के सभी 72 जनपदों में मतदान कराया जाएगा।
      मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, इन चुनावों में कुल 14,81,310 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इसके लिए 2,697 मतदान स्थल बनाए गए हैं। चुनाव मैदान में कुल 152 प्रत्याशी हैं।

    • 23 Oct 2026 11:58 AM (IST)

      Kasganj News: कागजी घोड़े दौड़ाकर 12.43 लाख का खेल

      कासगंज मनरेगा में विकास कार्यों के नाम पर सरकारी धन के कथित दुरुपयोग का बड़ा मामला सामने आया है। पटियाली विकास खंड की पांच ग्राम पंचायतों में कराए गए सात विकास कार्यों की जांच में 12.43 लाख रुपये से अधिक की वित्तीय अनियमितताएं पकड़ी गई हैं। कहीं नाला और बाउंड्रीवाल मौके पर नहीं मिले तो कहीं इंटरलॉकिंग और नाली निर्माण कागजों में ही सिमटा मिला। एक मामले में खड़ंजे के निर्माण के लिए जरूरत से अधिक ईंटों का भुगतान किया गया, जबकि संबंधित कार्य अधूरा मिला। जांच कमेटी की रिपोर्ट के आधार पर जिलाधिकारी प्रणय सिंह ने जिम्मेदार ग्राम प्रधानों, पंचायत सचिवों और तकनीकी अधिकारियों-कर्मचारियों से समानुपातिक रूप से धनराशि की वसूली के आदेश दिए हैं।

    • 23 Oct 2026 11:54 AM (IST)

      देवरिया में मारपीट और अवैध असलहे की सूचना पर पुलिस की कार्रवाई

      देवरिया जिले के गौरीबाजार थाना क्षेत्र के नरायनपुर तिवारी गांव में मारपीट और अवैध असलहे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लिया है। पुलिस के अनुसार, युवक के कब्जे से एक पिस्टल, दो कारतूस, एक चाकू और एक पंच बरामद किया गया है। पुलिस के मुताबिक, नरायनपुर तिवारी निवासी अजय चौहान ने यूपी-112 के माध्यम से सूचना दी थी कि कुशीनगर निवासी मुकेश चौहान अपने भाई और अन्य दोस्तों के साथ गांव में आकर मारपीट कर रहा है।

Location :  Lucknow

Published :  23 October 2026, 11:46 AM IST