’26 दिन बाद खाने का स्वाद अच्छा लगा’: अनशन तोड़ बोले सोनम वांगचुक, जानिए किन शर्तों पर खत्म किया अनशन

नीट पेपर लीक पर 26 दिन बाद सोनम वांगचुक ने अनशन खत्म किया। 65 सांसदों के समर्थन और मंत्रियों के आश्वासन के बाद उन्होंने वीडियो जारी कर कहा- 'अब सरकार से जवाबदेही मांगी जाएगी'। केस वापसी और मुआवजे पर बनी बात।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 24 July 2026, 9:36 AM IST

New Delhi: "26 दिन बाद जब खाना खाया तो उसका स्वाद ही अलग लगा..." यह कहना है मशहूर शिक्षाविद और सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक का। नीट (NEET) पेपर लीक और शिक्षा व्यवस्था में सुधार की जिद पर अड़े वांगचुक ने आखिरकार 26 दिनों की लंबी भूख हड़ताल के बाद अनशन समाप्त कर दिया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' (X) पर वीडियो शेयर करते हुए उन्होंने कहा कि अनशन भले खत्म हो गया हो, लेकिन अब सरकार से सीधे जवाबदेही तय की जाएगी।

65 सांसदों की अपील और मंत्रियों का दौरा

सोनम वांगचुक ने खुलासा किया कि केवल सरकारी आश्वासन ही नहीं, बल्कि विभिन्न राजनीतिक दलों के लगभग 65 सांसदों ने एक साझा पत्र पर हस्ताक्षर कर उनसे अनशन खत्म करने की अपील की थी। इन सांसदों ने लिखित वादा किया है कि वे नीट धांधली और शिक्षा प्रणाली में खामियों का मुद्दा संसद में पूरी ताकत से उठाएंगे। इसके साथ ही केंद्रीय मंत्री जे.पी. नड्डा और जितेंद्र सिंह ने भी अस्पताल पहुंचकर उनसे मुलाकात की।

सरकार के ठोस आश्वासनों के बाद माने सोनम वांगचुक, अब क्या थमेगा CJP का धरना? अभिजीत दीपके ने स्पष्ट किया रुख

किन शर्तों पर मानी बात?

सरकार और सांसदों से मिले आश्वासनों के बाद ही वांगचुक ने यह कदम उठाया। मुख्य शर्तों और आश्वासनों में शामिल हैं:

1. संसद मार्च पर राहत: 20 मार्च को 'संसद चलो' मार्च के दौरान शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने वाले छात्रों व युवाओं पर कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की जाएगी।
2. सहानुभूतिपूर्ण मुआवजा: नीट पेपर लीक के तनाव में आकर आत्महत्या करने वाले पीड़ित छात्रों के परिवारों को उचित मुआवजा दिया जाएगा।
3. संसद में चर्चा: परीक्षा सुधार प्रणाली पर संसद के भीतर विस्तार से गंभीर चर्चा कराई जाएगी।

सोनम वांगचुक ने 26 दिनों बाद तोड़ा अनशन, सरकार की तरफ से मिला ये आश्वासन

कोर्ट के आदेश से मेदांता शिफ्टिंग

अनशन के दौरान वांगचुक की सेहत काफी बिगड़ गई थी, जिसके बाद उन्हें सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनकी पत्नी गीतांजलि आंग्मो की याचिका पर दिल्ली हाईकोर्ट ने तुरंत संज्ञान लेते हुए विशेषज्ञ डॉक्टरों की देखरेख के लिए उन्हें गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल शिफ्ट करने का आदेश दिया था। फिलहाल वांगचुक डॉक्टरों की निगरानी में हैं और स्वास्थ्य में सुधार हो रहा है।

Location :  New Delhi

Published :  24 July 2026, 9:36 AM IST