
समाजवादी पार्टी के सांसद रमाशंकर राजभर (Img: Dynamite News)
Deoria: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव मंगलवार को देवरिया पहुंचे। वह बरहज में समाजवादी नेता और पूर्व सांसद मोहन सिंह की पुण्यतिथि पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए। कार्यक्रम को लेकर सपा कार्यकर्ताओं में पहले से तैयारियां चल रही थीं।
सलेमपुर से समाजवादी पार्टी के सांसद रमाशंकर राजभर ने यूपी सरकार में मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर पर कई आरोप लगाए। रमाशंकर राजभर ने आरोप लगाया कि ओमप्रकाश राजभर राजभर समाज के वोटों का इस्तेमाल अपने बेटों को राजनीतिक रूप से आगे बढ़ाने के लिए कर रहे हैं।
रमाशंकर राजभर ने कहा कि अगर ओमप्रकाश राजभर राजभर समाज के हित की बात करते हैं तो पहले उन्हें अपनी पार्टी से समाज के किसी बेटे को विधायक बनाना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि पिछले विधानसभा चुनाव में सपा गठबंधन को 18 टिकट मिलने के बावजूद एक भी राजभर को चुनाव मैदान में नहीं उतारा गया।
ये भी पढ़ें- दो दिन में कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन! राजस्व लिपिक से मारपीट पर भड़का कर्मचारी संघ, अधिवक्ता पर कार्रवाई की मांग
सपा सांसद ने यह भी कहा कि राजभर समाज अब राजनीतिक घटनाक्रम को समझ रहा है और आने वाले चुनाव में इसका जवाब देगा। उन्होंने दावा किया कि चुनाव आचार संहिता लागू होने के बाद राजभर समाज के गांवों में ओमप्रकाश राजभर के खिलाफ विरोध देखने को मिल सकता है।
रमाशंकर राजभर ने भाजपा की ओर से समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव पर लगाए जाने वाले सनातन संबंधी आरोपों पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि भाजपा सपा को सनातन विरोधी बताने की कोशिश करती है, जबकि उनके मुताबिक समाजवादी पार्टी सनातन का सम्मान करती है।
ये भी पढ़ें- बेटी के ऑपरेशन के लिए पूरा परिवार अस्पताल गया, पीछे से चोरों ने काट डाला घर का ताला; लाखों के जेवर और 40 हजार पार
सपा सांसद ने जनेश्वर मिश्र पार्क और इटावा में मंदिर निर्माण का जिक्र करते हुए पार्टी की ओर से धार्मिक आस्था के सम्मान की बात कही। उन्होंने भाजपा पर धर्म के नाम पर राजनीति करने और हिंदुओं की आस्था से जुड़े चढ़ावे को लेकर भी आरोप लगाए।
Location : Deoria
Published : 22 September 2026, 5:03 PM IST