
ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहे छात्र हिरासत में (Img: Dynamite News)
Prayagraj: मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रयागराज में प्रदर्शन करने जा रहे छात्रनेताओं और छात्रों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। छात्र बैंक रोड से आजाद प्रतिमा तक पैदल मार्च निकालने की तैयारी कर रहे थे। आरोप है कि मार्च शुरू होने से पहले ही पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने छात्रावासों और कमरों में पहुंचकर कई छात्रनेताओं व छात्रों को हिरासत में ले लिया।
प्रदर्शन से जुड़े लोगों के मुताबिक, बैंक रोड पर मौजूद छात्रों को हिरासत में लेकर पुलिस लाइन भेजा गया। वहीं, छात्रनेता राहुल पटेल, अनुराग यादव और प्रियांशु को छात्रावास से हिरासत में लिया गया। आरोप है कि उन्हें किसी अज्ञात स्थान पर ले जाया गया। हालांकि, हिरासत में लिए गए सभी छात्रों की संख्या और उन्हें कहां रखा गया है, इसकी आधिकारिक पुष्टि उपलब्ध नहीं है।
प्रयागराज में अस्पताल की सफाईकर्मी से मारपीट, बाल पकड़कर घसीटा; 10 लोगों पर FIR
छात्रनेता हरेंद्र यादव और अनुराग यादव ने संयुक्त बयान जारी कर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर लोकतंत्र की गरिमा के विपरीत काम करने और मताधिकार के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाया। उन्होंने निष्पक्ष चुनाव और लोकतंत्र की मजबूती का हवाला देते हुए ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की।
छात्रनेताओं ने कहा कि संविधान की रक्षा और जनता के मताधिकार की सुरक्षा के लिए उनका संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने यह भी कहा कि जब तक मुख्य चुनाव आयुक्त इस्तीफा नहीं देते, तब तक वे प्रदर्शन करते रहेंगे।
प्रदर्शन से जुड़े लोगों के अनुसार, अखिलेश गुप्ता गुड्डू, राघवेंद्र यादव, आशुतोष यादव गुड्डू, विजयकांत यादव, गौरव गोंड, हिमांशु पटेल, गौरव, रोशन, मनदीप, दीपांशु और राकेश समेत सैकड़ों छात्रों को हिरासत में लिया गया। इस मामले में पुलिस का आधिकारिक पक्ष सामने आने पर स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।
Location : Prayagraj
Published : 12 October 2026, 8:50 PM IST
Topics : Chief Election Commissioner Election Commission Gyanesh Kumar prayagraj news Student Leaders Detained