
कांग्रेसियों ने डाइनामाइट न्यूज़ से की बातचीत
New Delhi: राजधानी दिल्ली में अंतरराष्ट्रीय मंच पर हुए ‘शर्टलेस’ विरोध प्रदर्शन ने सियासी तापमान बढ़ा दिया है। इंडिया AI इम्पैक्ट समिट के दौरान भारत मंडपम में हुए हंगामे के मामले में दिल्ली पुलिस ने इंडियन यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उन्हें इस पूरे विरोध का मुख्य साजिशकर्ता बताते हुए 7 दिन की रिमांड मांगी, लेकिन कोर्ट ने चार दिन की पुलिस हिरासत मंजूर की है।
भारत मंडपम में क्या हुआ था?
समिट के दौरान जब कई देशों के प्रतिनिधि मौजूद थे, उसी वक्त कुछ युवाओं ने शर्ट उतारकर विरोध प्रदर्शन किया। यह कार्यक्रम दिल्ली के प्रतिष्ठित कन्वेंशन सेंटर भारत मंडपम में आयोजित था। पुलिस का कहना है कि प्रदर्शन को सुनियोजित तरीके से अंजाम दिया गया और इसमें अलग-अलग राज्यों से लोगों को बुलाया गया था।
पुलिस का दावा- चिब हैं मास्टरमाइंड
दिल्ली पुलिस ने कोर्ट में दलील दी कि Indian Youth Congress के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब ने प्रदर्शनकारियों को संगठित करने में अहम भूमिका निभाई। जांच एजेंसी का कहना है कि आरोपी को देश के अलग-अलग हिस्सों में ले जाकर उन लोगों की पहचान करनी होगी, जो इस विरोध में शामिल थे। पुलिस ने उनके दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं और दावा किया है कि इनसे कई अहम सुराग मिल सकते हैं।
कोर्ट में क्या हुआ?
पटियाला हाउस कोर्ट में पेशी के दौरान पुलिस ने 7 दिन की कस्टडी की मांग की गई। हालांकि, दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद कोर्ट ने चार दिन की पुलिस हिरासत मंजूर की। बचाव पक्ष ने पुलिस की मांग को हास्यास्पद बताया। चिब के वकील ने कहा कि वे घटना स्थल पर मौजूद नहीं थे और उन्होंने जांच में हमेशा सहयोग किया है।
सियासी बयानबाजी तेज
इस गिरफ्तारी के बाद राजनीतिक माहौल गरमा गया है। कांग्रेस अध्यक्ष Mallikarjun Kharge ने इसे सरकार की तानाशाही करार दिया है। उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण विरोध लोकतंत्र का हिस्सा है और इस तरह की कार्रवाई गलत संदेश देती है। बचाव पक्ष ने भी कोर्ट में कहा कि भारत एक लोकतंत्र है, जहां अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रमों के दौरान भी शांतिपूर्ण प्रदर्शन होते रहे हैं।
आगे क्या होगा अब?
अब चार दिनों की पुलिस कस्टडी में पूछताछ के दौरान कई अहम खुलासे हो सकते हैं। पुलिस का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रम के दौरान हुई इस घटना की गहराई से जांच जरूरी है। वहीं, कांग्रेस इसे राजनीतिक बदले की कार्रवाई बता रही है। आने वाले दिनों में यह मामला और तूल पकड़ सकता है।
Location : New Delhi
Published : 24 February 2026, 1:21 PM IST