आखिर क्यों अचानक खाली हुईं पश्चिम बंगाल की तीन राज्यसभा सीटें? चुनाव आयोग ने किया बड़ा ऐलान

पश्चिम बंगाल की तीन राज्यसभा सीटों पर 24 जुलाई 2026 को उपचुनाव होंगे। ये सीटें टीएमसी के तीन सांसदों के इस्तीफे के बाद खाली हुई हैं। चुनाव आयोग ने पूरा कार्यक्रम जारी कर दिया है। वहीं गुजरात की मंझलपुर सहित बिहार और मध्य प्रदेश की विधानसभा सीटों पर भी उपचुनाव कराए जाएंगे।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 6 July 2026, 1:33 PM IST

New Delhi: चुनाव आयोग ने पश्चिम बंगाल की तीन रिक्त राज्यसभा सीटों पर उपचुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया है। आयोग के अनुसार, इन तीनों सीटों पर 24 जुलाई 2026 को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान कराया जाएगा। मतदान समाप्त होने के बाद उसी दिन शाम 5 बजे मतगणना होगी। पूरी चुनाव प्रक्रिया 27 जुलाई 2026 तक पूरी कर ली जाएगी।

नामांकन से लेकर मतगणना तक पूरा शेड्यूल

निर्वाचन आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार, 7 जुलाई को अधिसूचना जारी होगी। उम्मीदवार 14 जुलाई तक नामांकन दाखिल कर सकेंगे। 15 जुलाई को नामांकन पत्रों की जांच होगी, जबकि 17 जुलाई तक नाम वापस लेने की अंतिम तिथि तय की गई है। इसके बाद 24 जुलाई को मतदान और मतगणना एक ही दिन संपन्न होगी।

तीन सांसदों के इस्तीफे से खाली हुईं सीटें

इन सीटों पर उपचुनाव की आवश्यकता तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के तीन राज्यसभा सांसदों के इस्तीफे के बाद पड़ी। सबसे पहले 8 जून को वरिष्ठ सांसद शुखेंदु शेखर रॉय ने राज्यसभा सदस्यता और पार्टी से इस्तीफा दिया। इसके बाद 10 जून को सुष्मिता देव ने निजी कारणों का हवाला देते हुए अपना इस्तीफा सौंपा। वहीं 11 जून को प्रकाश चिक बराइक ने भी अपने पद से इस्तीफा दे दिया।

शुखेंदु शेखर रॉय और प्रकाश चिक बराइक का कार्यकाल 18 अगस्त 2029 तक, जबकि सुष्मिता देव का कार्यकाल 2 अप्रैल 2030 तक निर्धारित था। ऐसे में उनके इस्तीफों के कारण इन सीटों पर उपचुनाव कराना जरूरी हो गया।

गुजरात की मंझलपुर सीट पर भी उपचुनाव

चुनाव आयोग ने गुजरात की मंझलपुर विधानसभा सीट पर भी उपचुनाव की अधिसूचना जारी कर दी है। यह सीट भाजपा के आठ बार के विधायक योगेश पटेल के निधन के बाद रिक्त हुई थी। यहां 13 जुलाई तक नामांकन दाखिल किए जाएंगे, 14 जुलाई को जांच होगी और 16 जुलाई तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। आवश्यकता पड़ने पर 30 जुलाई को मतदान होगा, जबकि पूरी चुनाव प्रक्रिया 4 अगस्त तक पूरी कर ली जाएगी।

नोएडा की राह-ए-नजर: उत्तर प्रदेश सरकार गड्ढे में गिरी! इस फोटो को देखकर आप क्या बोलेंगे?

देश के तीन राज्यों में होंगे विधानसभा उपचुनाव

मंझलपुर के अलावा बिहार की बांकीपुर और मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर भी उपचुनाव कराए जाएंगे। चुनाव आयोग ने यह अधिसूचना जनप्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 के प्रावधानों के तहत जारी की है। अब सभी राजनीतिक दलों की नजर उम्मीदवारों के चयन और चुनावी रणनीति पर टिकी हुई है।

Location :  New Delhi

Published :  6 July 2026, 1:33 PM IST