
दिल्ली-एनसीआर में बारिश
New Delhi: उत्तर भारत में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो चुका है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश सहित कई राज्यों में अगले कुछ दिनों तक तेज बारिश की संभावना है। कई जिलों में यलो और रेड अलर्ट जारी किया गया है। साथ ही कुछ क्षेत्रों में बाढ़ और लैंडस्लाइड की स्थिति बन सकती है।
दिल्ली-एनसीआर में उमसभरी गर्मी के बीच बारिश का सिलसिला
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में मानसून ने दस्तक दे दी है। शुक्रवार को काले बादलों ने आसमान को घेर लिया। अधिकतम तापमान 34.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 27.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। शनिवार और रविवार को दिल्ली-एनसीआर में रुक-रुक कर बारिश की संभावना है, जिससे उमसभरी गर्मी से राहत मिल सकती है।
उत्तर प्रदेश में मानसून का कहर जारी
उत्तर प्रदेश के अधिकांश जिलों में बारिश का सिलसिला लगातार बना हुआ है। खासकर पूर्वी यूपी के लखनऊ, गोरखपुर, बहराइच और बाराबंकी जैसे जिलों में तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया है। मौसम विभाग ने 8 अगस्त को चित्रकूट, प्रयागराज, वाराणसी, सोनभद्र, मिर्जापुर, एटा, आगरा समेत कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी दी है।
बिहार में बाढ़ के आसार
बिहार में मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है। बांका, भागलपुर, पूर्णिया और कटिहार जैसे जिलों में भारी बारिश हो चुकी है। विभाग ने 9 अगस्त तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। उच्च आर्द्रता (70-80%) के कारण लोगों को उमसभरी गर्मी का भी सामना करना पड़ रहा है। कुछ क्षेत्रों में बाढ़ जैसे हालात बन सकते हैं।
उत्तराखंड और हिमाचल में लैंडस्लाइड का खतरा
पहाड़ी राज्यों उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित हो रहा है। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। लैंडस्लाइड की घटनाएं बढ़ने की आशंका है। यात्रियों और स्थानीय लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
हरियाणा और मध्यप्रदेश का मौसम
हरियाणा में मानेसर, झज्जर, और नूंह जैसे क्षेत्रों में हल्की बारिश और धूल भरी आंधी की संभावना है। वहीं, मध्यप्रदेश में रक्षाबंधन के अवसर पर मौसम साफ रहेगा। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर और उज्जैन में तीखी धूप और अधिकतम तापमान 35 डिग्री तक रहने की संभावना है।
Location : New Delhi
Published : 8 August 2025, 7:27 AM IST