

14 अगस्त की सुबह दिल्ली-एनसीआर में बारिश ने जहां लोगों को उमस और गर्मी से राहत दी, वहीं उत्तराखंड और बिहार में बारिश ने तबाही मचाई है। उत्तराखंड में रेड अलर्ट जारी है तो बिहार में बाढ़ से 25 लाख लोग प्रभावित हैं। यूपी में भी भारी बारिश के आसार हैं।
दिल्ली-एनसीआर में बारिश
New Delhi: दिल्ली और एनसीआर के लोगों को 14 अगस्त की सुबह बड़ी राहत मिली जब मौसम ने अचानक करवट ली। सुबह 5 बजे से शुरू हुई हल्की से मध्यम बारिश ने पूरे क्षेत्र को ठंडक पहुंचाई और तापमान में गिरावट दर्ज की गई। अधिकतम तापमान 30°C–34°C और न्यूनतम तापमान 24°C–26°C के बीच रहा। काले बादलों के कारण कई क्षेत्रों में दिन में ही रात जैसा माहौल बन गया।
मौसम विभाग के अनुसार, यह बारिश बंगाल की खाड़ी में बने लो-प्रेशर एरिया और राजधानी के पास मौजूद मॉनसून ट्रफ के कारण हो रही है। आने वाले दो दिनों, यानी 14 और 15 अगस्त को भी भारी बारिश की संभावना है। इससे नमी का स्तर 68% से 85% के बीच रहेगा, जिससे उमस में भी काफी राहत मिलेगी।
बारिश के चलते हवा की गुणवत्ता में भी सुधार की उम्मीद जताई जा रही है। बुधवार को दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 120 रहा जो 'मध्यम' श्रेणी में आता है। लगातार बारिश से यह और बेहतर हो सकता है।
उत्तर प्रदेश में भी बारिश का असर
उत्तर प्रदेश में भी बारिश ने दस्तक दे दी है। कई जिलों में रात से बारिश जारी है। पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार बारिश के चलते नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। गंगा, रामगंगा और गागन नदियों में उफान देखा जा रहा है। बाढ़ के कारण राज्य में सिपाही समेत पांच लोगों की डूबने से मौत हो चुकी है।
बिहार में बाढ़ से त्राहिमाम, लाखों प्रभावित
बिहार के 10 जिलों में गंगा नदी के जलस्तर में वृद्धि के चलते बाढ़ की गंभीर स्थिति उत्पन्न हो गई है। पटना, सारण, भोजपुर, बेगूसराय, भागलपुर जैसे जिलों में बाढ़ ने 25 लाख से अधिक लोगों को प्रभावित किया है। इस्माइलपुर-सैदपुर बिंदटोली रिंग बांध टूटने से कई गांव जलमग्न हो गए और लगभग 3,400 लोग बेघर हो गए हैं।
बाढ़ के कारण अब तक 5 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। प्रशासन राहत और बचाव कार्यों में जुटा है, लेकिन कई इलाकों में स्थिति अत्यंत गंभीर बनी हुई है।
उत्तराखंड में रेड अलर्ट, स्कूल बंद
दूसरी ओर, उत्तराखंड में मौसम की स्थिति गंभीर बनी हुई है। मौसम विज्ञान केंद्र ने देहरादून, हरिद्वार, टिहरी, बागेश्वर, नैनीताल सहित आठ जिलों में भारी से भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। हालात को देखते हुए कई जिलों में स्कूलों की छुट्टी कर दी गई है। नदियों और नालों के किनारे लोगों को न जाने की अपील की गई है।
16 और 17 अगस्त को भी बागेश्वर, नैनीताल, पिथौरागढ़ में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। प्रशासन ने सभी जिलों में सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं।