
दिल्ली-यूपी समेत 17 राज्यों में आंधी-बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट (Img- Internet)
New Delhi: देश के कई हिस्सों में पड़ रही भीषण गर्मी के बीच मौसम विभाग (IMD) ने राहत भरी खबर दी है। आज यानी 11 जून को अगले 5 से 6 घंटों के भीतर कई राज्यों में तेज आंधी-तूफान के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, एक तरफ जहां दक्षिण-पश्चिम मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है।
वहीं दूसरी तरफ उत्तर-पश्चिम भारत में पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) सक्रिय हो गया है। इसके प्रभाव से जिन राज्यों में अभी मानसून नहीं पहुंचा है, वहां भी 60 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तूफानी हवाएं चल सकती हैं।
IMD के मुताबिक, उत्तर भारत को झुलसाने वाली गर्मी से जल्द राहत मिलेगी। 11 से 13 जून के बीच अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने की उम्मीद है। दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में अगले दो दिनों तक गरज-चमक के साथ धूलभरी आंधी और भारी बारिश की संभावना है।
कुछ इलाकों में ओलावृष्टि (Hailstorm) की भी चेतावनी है, जिसके चलते मौसम विभाग ने लोगों को बिना वजह यात्रा न करने की सलाह दी है।
दिल्ली, नोएडा, गुरुग्राम, गाजियाबाद और फरीदाबाद समेत पूरे दिल्ली-एनसीआर में 11 और 12 जून को मौसम का मिजाज बदला रहेगा। यहां 50 से 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं और 12 जून को तापमान गिरकर 34-36 डिग्री सेल्सियस तक आ सकता है।
वहीं, उत्तर प्रदेश के लखनऊ, कानपुर, वाराणसी, आगरा और प्रयागराज जैसे जिलों में 13 जून तक धूलभरी आंधी और ओलावृष्टि का अलर्ट है। यूपी में हवा की रफ्तार 80 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
दक्षिण-पश्चिम मानसून धीरे-धीरे आगे बढ़ रहा है। अगले 3-4 दिनों में इसके महाराष्ट्र, कर्नाटक, तेलंगाना, ओडिशा, झारखंड और बिहार में पहुंचने के लिए परिस्थितियां पूरी तरह अनुकूल हैं। बिहार के मुजफ्फरपुर, दरभंगा, समस्तीपुर और पूर्णिया समेत कई जिलों में 13 जून तक 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और भारी बारिश का अनुमान है। वहीं, झारखंड के रांची, जमशेदपुर और धनबाद में 12-13 जून को मूसलाधार बारिश हो सकती है।
राजस्थान के जयपुर, जोधपुर और बीकानेर समेत कई हिस्सों में धूलभरी आंधी और बारिश का दौर शुरू होने वाला है। उधर पंजाब के अमृतसर, लुधियाना और पटियाला में आज ही ओलावृष्टि के साथ तेज आंधी का अलर्ट है। पहाड़ी राज्य जम्मू-कश्मीर के पुंछ और राजौरी जैसे ऊंचाई वाले इलाकों में भी अगले दो दिनों तक व्यापक बारिश और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है।
Location : New Delhi
Published : 11 June 2026, 7:43 AM IST