Site icon Hindi Dynamite News

Weather Update: पूरे देश में मॉनसून की बरसात जारी, दिल्ली-एनसीआर और यूपी में उमस से मिलेगी जल्द राहत

महाराष्ट्र से मेघालय तक मॉनसून की बारिश जारी है। दिल्ली, उत्तर प्रदेश और बिहार में उमस भरी गर्मी लोगों को परेशान कर रही है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में बारिश की संभावना जताई है। जानिए आज प्रमुख शहरों का तापमान और बारिश का हाल।
Post Published By: Sapna Srivastava
Published:
Weather Update: पूरे देश में मॉनसून की बरसात जारी, दिल्ली-एनसीआर और यूपी में उमस से मिलेगी जल्द राहत

New Delhi: देशभर में मॉनसून का असर लगातार जारी है। महाराष्ट्र से लेकर मेघालय तक कई राज्यों में तेज बारिश हो रही है। विशेषकर असम और मणिपुर में भारी बारिश का दौर चल रहा है। मौसम विभाग ने बताया कि उत्तर पश्चिम भारत में 26 अगस्त तक बारिश की संभावना बनी हुई है।

आज दक्षिण पूर्वी राजस्थान और गुजरात में भीषण बारिश की आशंका है। पूर्वी राजस्थान के कई इलाकों में भी तेज बारिश देखी जा सकती है। पहाड़ी राज्यों उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में अगले सात दिनों तक लगातार बारिश होने की संभावना है।

दिल्ली-एनसीआर का मौसम

दिल्ली और एनसीआर में फिलहाल लगातार बारिश नहीं हो रही है। दिन के समय तेज बारिश की संभावना कम रही, हालांकि आसमान में बादल छाए रहे। मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि 27 अगस्त तक दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में गरज और चमक के साथ बारिश हो सकती है। लोगों को उमस और गर्मी से जल्द राहत मिलने की संभावना है।

उत्तर प्रदेश में बारिश और राहत

उत्तर प्रदेश के लोग पिछले एक हफ्ते से उमस और गर्मी से परेशान हैं। मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों में यूपी वासियों को गर्मी से राहत मिल सकती है। पूर्वी और पश्चिमी यूपी में 25 अगस्त तक तेज बारिश होने की संभावना जताई गई है। इससे लोगों को राहत तो मिलेगी, लेकिन कुछ क्षेत्रों में जलभराव की समस्या भी बन सकती है।

बिहार का मौसम

बिहार में भी उमस भरी गर्मी का असर जारी है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि 23 अगस्त को बिहार के कई इलाकों में भारी बारिश हो सकती है। यह बारिश एक ओर तो उमस और गर्मी को कम करेगी, वहीं निचले इलाकों में जलभराव और शहरी क्षेत्रों में बाढ़ की समस्या पैदा कर सकती है।

प्रमुख शहरों का तापमान

23 अगस्त 2025 को प्रमुख शहरों का तापमान इस प्रकार रहा, दिल्ली में अधिकतम तापमान 31°C और न्यूनतम 23°C दर्ज किया गया, जबकि मुंबई का अधिकतम तापमान 29°C और न्यूनतम 26°C रहा। कोलकाता में दिन का तापमान 30°C और रात का 26°C रहा, वहीं चेन्नई में अधिकतम 35°C और न्यूनतम 27°C रिकॉर्ड किया गया। पटना में दिन का तापमान 32°C और रात का 26°C रहा, जबकि रांची में अधिकतम तापमान 26°C और न्यूनतम 22°C दर्ज किया गया। भोपाल का अधिकतम तापमान 28°C और न्यूनतम 23°C रहा, जयपुर में दिन का तापमान 32°C और रात का 26°C रिकॉर्ड हुआ। लखनऊ में अधिकतम 32°C और न्यूनतम 25°C का तापमान रहा, जबकि शिमला में सबसे ठंडा मौसम रहा, जहां अधिकतम तापमान 22°C और न्यूनतम 17°C दर्ज किया गया।

Exit mobile version