
प्रतीकात्मक छवि
New Delhi: पूरे उत्तर भारत में शीतलहर का कहर जारी है, कश्मीर से लेकर राजस्थान तक तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है, जबकि हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ने की संभावना है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने शनिवार को बुलेटिन में देशभर की मौसम स्थिति और आगामी सप्ताह के पूर्वानुमान जारी किए हैं। कश्मीर घाटी इस समय कड़ाके की ठंड से जूझ रही है।
दिल्ली, यूपी, हरियाणा और पंजाब के कई शहरों में न्यूनतम तापमान गिरकर एक अंक में (सिंगल डिजिट) पहुंच गया है। इन क्षेत्रों में गलन वाली ठंड और घना कोहरा छाने की संभावना है। दिल्ली-एनसीआर में सुबह के समय हल्का से मध्यम कोहरा रह सकता है।
Weather Update UP: यूपी में मौसम लेगा करवट, इन जिलों में झमाझम बारिश की आशंका
पहाड़ी राज्यों (जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड) में तापमान शून्य से नीचे चला गया है, जिससे मैदानी इलाकों में ठंडी हवाएं आ रही हैं। न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट होने की संभावना है। हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और ओडिशा के अलग-अलग हिस्सों में सुबह के समय घने कोहरे की स्थिति बहुत संभावितहै।
चक्रवाती तूफान 'दितवाह' ने श्रीलंका में भारी तबाही मचाई है और अब यह भारत के दक्षिणी तटों की ओर बढ़ रहा है, जिससे तमिलनाडु, पुडुचेरी और आंध्र प्रदेश में अलर्ट जारी किया गया है। चक्रवाती तूफान 'दितवाह' आज सुबह तटीय राज्यों तक पहुंचेगा। वहीं, तमिलनाडु, पुडुचेरी आदि राज्यों में रात ही लगातार बारिश हो रही है। आइएमडी ने तमिलनाडु और पुडुचेरी और आंध्र प्रदेश में रेड अलर्ट जारी किया है। कुछ जगह अत्यधिक तेज बारिश की आशंका जताई है। इस बीच श्रीलंका में दितवाह के प्रकोप से मरने वालों की संख्या 153 पर पहुंच गई है। राहत एवं बचाव कार्य युद्ध स्तर पर जारी हैं। भारत ने भी मुश्किल वक्त में सबसे पहले पड़ोसियों का हाथ थामने की अपनी छवि के अनुरूप आपरेशन सागर बंधु चलाते हुए राहत कार्यों में अपनी पूरी ताकत झोंक दी है।
Location : New Delhi
Published : 30 November 2025, 6:55 AM IST