श्रीनगर में वक्फ दिवस पर बजा वंदे मातरम, गहराया विवाद मुस्लिम धर्मगुरुओं ने अल्लाह से की तौबा

श्रीनगर में वक्फ बोर्ड के कार्यक्रम में पूरा वंदे मातरम बजाए जाने पर विवाद खड़ा हो गया है। मुस्लिम धर्मगुरुओं ने खेद जताते हुए अल्लाह से तौबा करने की बात कही है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 26 November 2026, 10:10 AM IST

श्रीनगर: जम्मू-कश्मीर में राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है। श्रीनगर में आयोजित जम्मू-कश्मीर वक्फ बोर्ड के 'वक्फ दिवस' कार्यक्रम में वंदे मातरम के सभी छह छंद बजाए जाने पर कई मुस्लिम धर्मगुरुओं ने खेद जताया है। धर्मगुरुओं ने कहा कि उन्होंने कार्यक्रम में मौजूद रहने के लिए अल्लाह से तौबा की है। वहीं, मीरवाइज उमर फारूक के नेतृत्व वाले धार्मिक संगठन मुत्ताहिदा मजलिस-ए-उलेमा (MMU) ने इस मामले में वक्फ बोर्ड की आलोचना की है।

मुस्लिम धर्मगुरुओं ने जारी किया बयान

बुधवार को जारी एक बयान में मुस्लिम धर्मगुरुओं ने कहा कि उन्होंने न तो अपने मन से और न ही अपने शब्दों से इस गीत का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि यदि कार्यक्रम में उनकी मौजूदगी से किसी की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंची है, तो वे इसके लिए अल्लाह से सच्चे दिल से तौबा करते हैं और प्रार्थना करते हैं कि उनकी तौबा स्वीकार की जाए।

मीरवाइज के संगठन ने उठाए सवाल

मीरवाइज उमर फारूक के नेतृत्व वाले मुत्ताहिदा मजलिस-ए-उलेमा ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर दावा किया कि किसी आधिकारिक कार्यक्रम में इस गीत को बजाने की कानूनी बाध्यता नहीं है। संगठन ने मुस्लिम धार्मिक संपत्तियों की सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालने वाले वक्फ बोर्ड के कार्यक्रम में पूरा वंदे मातरम बजाए जाने पर आपत्ति जताई।

कानूनी सलाह ले रहा धार्मिक संगठन

एमएमयू ने अपने बयान में कहा कि मातृभूमि को ईश्वरीय दर्जा देने वाला कोई भी कार्य इस्लाम के मूल सिद्धांत 'तौहीद' के विपरीत है। संगठन ने बताया कि वह इस मामले में कानूनी सलाह ले रहा है। साथ ही धार्मिक जिम्मेदारियां संभालने वाले मुसलमानों से अपने धार्मिक विश्वासों पर कायम रहने की अपील की है। मामले में वक्फ बोर्ड की चेयरपर्सन डॉ. दरख्शां अंद्राबी की प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू भी थे मौजूद

वक्फ दिवस के इस कार्यक्रम में केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रिजिजू, जम्मू-कश्मीर वक्फ बोर्ड की चेयरपर्सन डॉ. दरख्शां अंद्राबी, लोकसभा सांसद मियां अल्ताफ अहमद समेत कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे।

गृह मंत्रालय के प्रोटोकॉल के तहत बजाया गया गीत

कार्यक्रम में बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय द्वारा 1875 में रचित वंदे मातरम के सभी छह छंद बजाए गए थे। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, यह केंद्रीय गृह मंत्रालय के उस प्रोटोकॉल निर्देश के तहत किया गया, जिसमें सरकारी कार्यक्रमों, आधिकारिक आयोजनों और विधायी सत्रों में राष्ट्रीय गीत का पूरा संस्करण बजाने का प्रावधान किया गया है।

Location :  Jammu and Kashmir

Published :  26 November 2026, 10:10 AM IST