
द्वारका में दुखद हादसा (इमेज सोर्स- इंटरनेट)
New Delhi: दिल्ली के द्वारका में गुरुवार को एक दिलदहलाने वाला हादसा हो गया। गोल्फ कोर्स के तालाब में डूबने से तीन बच्चों की मौत हो गई। हादसे की सूचना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस की शुरुआती जांच में चारदीवारी कूदकर प्रवेश करने व डूबकर मरने की बात सामने आई है।
जानकारी के अनुसार तीनों बच्चे गोयला के रहने वाले थे। मरने वालों में रवि जायसवाल व वीर जायसवाल दो सगे भाई थे, जबकि तीसरे मृतक का नाम हर्ष बताया गया है।
डीसीपी द्वारका ने बताया कि गुरुवार सुबह करीब 7:07 बजे सेक्टर 24 गोल्फ कोर्स के एक तालाब में तीन बच्चों के डूबने की सूचना पीसीआर से मिली। सूचना मिलते ही एसएचओ अपने स्टाफ के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गए। इसके अलावा सभी एजेंसियों को भी तुरंत सूचित किया गया।
वहीं, घटनास्थल पर पहुंचने पर पता चला कि लगभग 8 से 10 साल के तीन बच्चे तालाब में डूबे हुए थे। फायर ब्रिगेड की मदद से तीनों बच्चों को पानी से निकाला गया। उनके कपड़े तालाब के बाहर मिले। शक है कि बच्चे वहां नहाने गए थे और गलती से डूब गए। बच्चों की पहचान की जा रही है। अभी तक कोई गुमशुदा जानकारी नहीं मिली है।
पुलिस अधिकारी ने कहा कि बच्चों के कपड़े तालाब के किनारे मिले हैं, इससे संकेत मिलता है कि संभवतः तीनों नहाने के लिए इसमें गए होंगे।
पुलिस ने बताया कि शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। फॉरेंसिक टीमों को भी मौके पर बुलाया गया और सबूत एकत्रित किए गए हैं। पुलिस ने कहा कि इस बात की तहकीकात चल रही है कि किन परिस्थितियों में ये बच्चे तालाब में डूबे।
GT vs RCB: अहमदाबाद में हाई-वोल्टेज मुकाबला, पिच और मौसम तय करेंगे जीत का समीकरण
डीडीए की ओर से इस घटना की जांच के लिए डायरेक्टर के अंडर तीन सदस्यों की एक कमेटी बनाई गई है और उसे एक हफ्ते के अंदर अपनी रिपोर्ट देने का निर्देश दिया गया है। जांच के आधार पर अगर जरूरी हुआ तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।
गर्मियों के मौसम में अक्सर बच्चे बिना निगरानी के पूल या तालाब में नहाने उतर जाते हैं। बच्चे न तो गहराई का सही अंदाजा लगा पाते हैं और न ही तैराकी कौशल रखते हैं, जिससे ऐसे दर्दनाक हादसे हो जाते हैं। ऐसे में सावधानी बेहद जरूरी हो जाती है।
Location : New Delhi
Published : 30 April 2026, 5:49 PM IST