South Delhi Fire: GK-1 में मकान की एसी यूनिट में लगी आग, समय रहते ऐसे टला बड़ा हादसा

दक्षिणी दिल्ली के ग्रेटर कैलाश-1 (जीके-1) स्थित मकान नंबर डी-24 में मंगलवार सुबह एसी की आउटडोर यूनिट में आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। आग लगने के बाद इमारत से धुआं निकलता देख आसपास के लोग सतर्क हो गए।

Post Published By: Rohit Goyal
Updated : 9 June 2026, 2:55 PM IST

South Delhi: दक्षिणी दिल्ली के ग्रेटर कैलाश-1 (जीके-1) स्थित मकान नंबर डी-24 में मंगलवार सुबह एसी की आउटडोर यूनिट में आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। आग लगने के बाद इमारत से धुआं निकलता देख आसपास के लोग सतर्क हो गए और तुरंत फायर विभाग को सूचना दी गई।

पांच दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं

फायर ब्रिगेड के अनुसार सुबह 11:40 बजे आग लगने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही पांच फायर टेंडर मौके पर भेजे गए। दमकल कर्मियों ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आग पर काबू पाया। आग बुझाने के बाद कूलिंग का कार्य भी जारी रहा ताकि दोबारा आग भड़कने की संभावना न रहे।

एसी की आउटडोर यूनिट में लगी थी आग

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग छत पर रखी एसी की आउटडोर यूनिट में लगी थी। यूनिट के ऊपर बने टिनशेड से धुआं उठता देख स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। धुएं की मात्रा बढ़ने पर इमारत में रहने वाले लोगों को तुरंत बाहर निकाला गया।

सभी लोग सुरक्षित, कोई जनहानि नहीं

आरडब्ल्यूए अध्यक्ष सत्येंद्र सिंह ने बताया कि आग लगते ही मकान में मौजूद सभी लोग सुरक्षित बाहर निकल आए थे। दमकल विभाग की तत्परता से आग पर जल्द काबू पा लिया गया। घटना में किसी के हताहत होने या घायल होने की सूचना नहीं है।

यतीश चंद्र गुप्ता की सतर्कता से टला बड़ा हादसा

मकान की तीसरी मंजिल पर रहने वाले यतीश चंद्र गुप्ता ने बताया कि घटना के समय उनकी पत्नी और घरेलू सहायिका किसी काम से नीचे गई हुई थीं। सुबह करीब 11:30 बजे उनके बेडरूम में लगे एसी की इनडोर यूनिट में अचानक स्पार्किंग हुई और धुआं निकलने लगा। स्थिति को भांपते हुए उन्होंने तुरंत सतर्कता दिखाई और परिवार के सदस्यों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया, जिससे संभावित बड़ा हादसा टल गया।

आग लगने के कारणों की जांच जारी

फायर विभाग आग लगने के सटीक कारणों की जांच कर रहा है। शुरुआती तौर पर एसी यूनिट में तकनीकी खराबी या शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है।

Location :  New Delhi

Published :  9 June 2026, 2:55 PM IST