Bihar: सीवान में पटाखा विस्फोट से दहला इलाका, धमाके में 7 लोगों की दर्दनाक मौत

बिहार के सीवान में पटाखा बनाते समय हुए भीषण विस्फोट ने पूरे इलाके को दहला दिया। धमाका इतना जोरदार बताया जा रहा है कि इसकी चपेट में आए लोगों के शवों के टुकड़े दूर तक जा गिरे। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, इस दर्दनाक हादसे में सात लोगों की मौत की खबर है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, मृतकों की संख्या और हादसे की पूरी परिस्थितियों की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।

Post Published By: Jay Chauhan
Updated : 24 October 2026, 1:58 AM IST

Bihar: बिहार के सीवान जिले में जामो थाना क्षेत्र के आलमपुर गांव में शुक्रवार शाम पटाखा बनाने के दौरान भीषण विस्फोट हो गया जिसमें करीब 7 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई।

मृतकों में गृहस्वामी अमीरुद्दीन अहमद (70), खुशबू (10) और असद (8) शामिल हैं। चौथे मृतक की पहचान की जानकारी स्पष्ट नहीं हो सकी है। वहीं, मलबे में कई अन्य लोगों के दबे होने की आशंका जतायी जा रही है।

आसपास के लोगों के अनुसार, घटना के समय घर में सात से अधिक लोग मौजूद थे। इनमें परिवार के सदस्यों के साथ पटाखा बनाने के काम में लगे मजदूर भी शामिल थे।

ग्रामीणों के अनुसार, मृतकों में एक ही परिवार के पांच लोग शामिल हैं। पटाखा कारोबारी अमीरुद्दीन, इनकी तीन पोतियां, एक पोता के अलावा दो मजदूरों की बात सामने आई है।

प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि हादसे के बाद पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई। तेज धमाकों की आवाज से दहशत फैल गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। किसी को यह पता नहीं चल रहा था कि विस्फोट किधर हुआ है। बाद में लोगों को पता चला कि पटाखा कारोबारी अमीरूद्दीन के घर में ही विस्फोट हुआ है।

पटाखा कारोबारी की बहू की बच गई जान

हादसे के दौरान आग लगने की जानकारी मिलते ही अभिरुद्दीन की बहू किसी तरह घर से बाहर निकलने में सफल रही और अपनी जान बचा ली। वहीं, विस्फोट के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। हादसे की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।

घर क्षतिग्रस्त, शवों के चीथड़े उड़ गए

बताया गया है कि शुक्रवार को रोजाना की तरह घर के भीतर पटाखे बनाए जा रहे थे। इसी दौरान अचानक आग लग गई और देखते ही देखते पटाखों में विस्फोट होने लगे। लगातार हो रहे धमाकों से मकान का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। विस्फोट इतना भयावह था कि तीन लोगों के शव बुरी तरह क्षत-विक्षत होकर घर के बाहर जा गिरे। घटनास्थल का दृश्य बहुत ही भयावह नजर आया। इस घटना के बाद पूरे गांव में खौफ का माहौल है।

मलबे में दबे लोग

शुरुआती जानकारी के अनुसार, घर के बाहर तीन शवों की पुष्टि हुई, जबकि चार अन्य लोगों के मलबे में दबे होने की बात बताई जा रही है। घर के भीतर रखे पटाखों में रह-रहकर विस्फोट होने के कारण राहत एंव बचाव कार्य में परेशानी आ रही है। हादसे के बाद गांव में मातम पसरा है। पुलिस घटना के कारणों की जांच में जुटी है।

घटना की सूचना मिलते ही डीआइजी नीलेश कुमार, जिलाधिकारी विजय प्रकाश मीणा और पुलिस अधीक्षक भारत सोनी समेत पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। जिले के करीब आधा दर्जन थानों की पुलिस को भी घटनास्थल पर बुलाया गया।

कांग्रेस सांसद इमरान मसूद पुलिस हिरासत में, छात्रों से मिलने पहुंचे थे जामिया

अधिकारियों की निगरानी में राहत और बचाव कार्य चलाया गया। आग पर काबू पाने और घटनास्थल पर सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए 20 से अधिक अग्निशमन वाहनों को लगाया गया।

Location :  Bihar

Published :  24 October 2026, 1:54 AM IST