
दिल्ली में गणतंत्र दिवस की तैयारियां तेज
New Delhi: राजधानी दिल्ली में 77वें गणतंत्र दिवस (2026) की तैयारियां जोरों पर हैं। कर्तव्य पथ पर होने वाली भव्य परेड को लेकर सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हैं। हर साल की तरह इस बार भी बड़ी संख्या में लोग परेड देखने पहुंचेंगे, लेकिन उससे पहले कुछ जरूरी नियमों और प्रतिबंधों को जानना बेहद जरूरी है।
गणतंत्र दिवस समारोह में राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री सहित कई वीवीआईपी शामिल होंगे, जिसके चलते कर्तव्य पथ और आसपास के इलाकों में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रहेगी। परेड देखने आने वाले दर्शकों को सघन जांच के बाद ही प्रवेश मिलेगा। सुरक्षा एजेंसियों ने साफ किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों को प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी।
अगर आप गणतंत्र दिवस की परेड देखने जा रहे हैं, तो आप केवल मोबाइल फोन, परेड का टिकट, वैध फोटो पहचान पत्र, जरूरत की दवाइयां और पानी की छोटी बोतल ही साथ ले जा सकते हैं। सभी दर्शकों की जांच अनिवार्य होगी, इसके बाद ही कर्तव्य पथ में प्रवेश मिलेगा।
सुरक्षा कारणों से कई वस्तुओं को ले जाने पर प्रतिबंध लगाया गया है। दर्शक मोबाइल चार्जर, ईयरफोन, पावर बैंक, बैटरी से चलने वाले गैजेट्स नहीं ले जा सकेंगे। इसके अलावा रेजर, ब्लेड, चाकू, कैंची, तार, हथौड़ा, ड्रिल, आरी, तलवार, कटार, पेंचकस और कोई भी नुकीला या खतरनाक सामान प्रतिबंधित रहेगा। इन वस्तुओं के साथ आने पर प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
77वें गणतंत्र दिवस की परेड में इस बार कर्तव्य पथ पर निकलने वाली झांकियां खास होंगी। झांकियों की थीम ‘स्वतंत्रता का मंत्र—वंदे मातरम् और समृद्धि का मंत्र—आत्मनिर्भर भारत’ रखी गई है। इस अवसर पर वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूरे होने का भी भव्य प्रदर्शन होगा।
रक्षा मंत्रालय के अनुसार इस वर्ष परेड में 17 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों तथा 13 केंद्रीय विभागों की कुल 30 झांकियां शामिल होंगी। गुजरात, छत्तीसगढ़, संस्कृति मंत्रालय और केंद्रीय आवास एवं शहरी विकास मंत्रालय की झांकियों में वंदे मातरम् की गौरवशाली यात्रा दिखाई जाएगी। सैन्य मामलों के विभाग की झांकी में ऑपरेशन सिंदूर की विजय को दर्शाया जाएगा।
सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय की झांकी खास आकर्षण होगी, जिसमें ‘भारत कथा: श्रुति, कृति और दृष्टि’ थीम के तहत पहली बार कर्तव्य पथ पर भारतीय सिनेमा की झलक देखने को मिलेगी। बताया जा रहा है कि इसका प्रतिनिधित्व प्रसिद्ध निर्देशक संजय लीला भंसाली करेंगे, जबकि ऑस्कर विजेता संगीतकार एमएम कीरावनी ‘वंदे मातरम्’ की नई धुन पेश करेंगे।
Location : New Delhi
Published : 23 January 2026, 2:44 PM IST