
पहलाज निहलानी का निधन
Mumbai: फिल्म इंडस्ट्री से एक बेहद दुखद और चौंकाने वाली खबर सामने आई है। मशहूर फिल्म निर्माता और सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन (CBFC) के पूर्व अध्यक्ष पहलाज निहलानी का 76 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। उनके निधन की खबर से बॉलीवुड और फिल्म जगत में शोक की लहर दौड़ गई है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, पहलाज निहलानी पिछले कुछ समय से लिवर से जुड़ी स्वास्थ्य समस्याओं का सामना कर रहे थे। लंबे समय से चल रही बीमारी के बाद उन्होंने अंतिम सांस ली। हालांकि परिवार की ओर से इस संबंध में विस्तृत जानकारी सामने आना अभी बाकी है।
पहलाज निहलानी ने वर्ष 2015 से 2017 के बीच सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन (CBFC) के अध्यक्ष के रूप में कार्य किया था। उनके कार्यकाल के दौरान कई फिल्मों के सर्टिफिकेशन को लेकर विवाद और चर्चाएं भी सुर्खियों में रहीं। वर्ष 2017 में उन्हें पद से हटाए जाने के बाद गीतकार और लेखक प्रसून जोशी को CBFC का नया अध्यक्ष नियुक्त किया गया था।
ट्रेड एनेलिस्ट अतुल मोहन ने मीडिया से बातचीत में पहलाज निहलानी के निधन की पुष्टि की। उन्होंने कहा, “यह मेरे लिए व्यक्तिगत क्षति है। करीब 10 दिन पहले मेरी उनसे बात हुई थी। उन्हें लिवर की समस्या थी। हम काफी करीबी थे।”
अतुल मोहन ने याद करते हुए कहा कि एक समय ऐसा था जब डिस्ट्रीब्यूटर्स चाहते थे कि कोई भी फिल्म पहलाज निहलानी के साथ जुड़े। उन्होंने बताया कि CBFC प्रमुख के रूप में भी निहलानी हमेशा इस बात का ध्यान रखते थे कि फिल्मों को समय पर सर्टिफिकेट मिले। जरूरत पड़ने पर वे रविवार को भी स्क्रीनिंग आयोजित करवाते थे।
पहलाज निहलानी का निधन भारतीय फिल्म उद्योग के लिए एक बड़ी क्षति माना जा रहा है। निर्माता, वितरक और फिल्म जगत से जुड़े कई लोग उन्हें एक समर्पित और प्रभावशाली व्यक्तित्व के रूप में याद कर रहे हैं।
Location : Mumbai
Published : 4 June 2026, 3:17 PM IST