हिंदी
नोरा फतेही (Img Source: Social Media)
Toronto, Canada: नोरा फतेही ने एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का नाम रोशन किया है। हाल ही में उन्होंने फीफा वर्ल्ड कप 2026 की ओपनिंग सेरेमनी में शानदार परफॉर्मेंस दी, जिसकी चर्चा दुनियाभर में हो रही है। उनके प्रदर्शन का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और फैंस उनकी जमकर तारीफ कर रहे हैं।
ओपनिंग सेरेमनी में नोरा फतेही ने अपने लोकप्रिय गाने 'सीर सीर' पर दमदार प्रस्तुति दी। इस दौरान स्टेडियम में मौजूद हजारों दर्शकों ने उनके गाने को खूब एंजॉय किया। नोरा ने बताया कि इस गाने के पीछे की प्रेरणा उन्हें मोरक्को में AFCON मैच के दौरान मिली थी, जहां उन्होंने करीब 70 हजार फैंस को 'सीर सीर' के नारे लगाते हुए सुना था।
उन्होंने कहा कि उस जबरदस्त माहौल और ऊर्जा ने उन्हें इतना प्रभावित किया कि उन्होंने म्यूजिक प्रोड्यूसर संजॉय से संपर्क कर इस नारे को वर्ल्ड कप एंथम का हिस्सा बनाने का सुझाव दिया।
नोरा फतेही ने फीफा जैसे बड़े मंच पर प्रदर्शन को अपने करियर की बड़ी उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि इस स्तर तक पहुंचने और दुनिया के बड़े कलाकारों के साथ मंच साझा करने के लिए उन्होंने पूरी जिंदगी मेहनत की है।
नोरा ने कहा, "इतने बड़े इंटरनेशनल लाइन-अप का हिस्सा बनना बेहद रोमांचक अनुभव रहा। मैंने टोरंटो में परफॉर्म किया, जबकि शकीरा और बर्ना बॉय जैसे कलाकार अन्य स्थानों पर प्रस्तुति दे रहे थे।"
नोरा का मानना है कि संगीत दुनियाभर के लोगों और संस्कृतियों को जोड़ने की ताकत रखता है। उन्होंने कहा कि जब अलग-अलग देशों और संस्कृतियों के कलाकार एक मंच पर आते हैं, तब कुछ खास और यादगार बनता है।
उन्होंने आगे कहा कि शकीरा, बर्ना बॉय और अन्य अंतरराष्ट्रीय कलाकारों के साथ जुड़ना उनके लिए गर्व की बात है और ऐसे मंच रचनात्मकता को नई दिशा देते हैं।
कुछ दिन पहले रिलीज हुए नोरा फतेही के गाने 'सीर सीर' को दर्शकों का जबरदस्त प्यार मिल रहा है। यह गाना यूट्यूब पर 43 मिलियन से अधिक बार देखा जा चुका है। इसकी लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है और फैंस इसे फीफा 2026 से जुड़ी सबसे चर्चित प्रस्तुतियों में से एक मान रहे हैं।
Location : Toronto, Canada
Published : 14 June 2026, 11:23 AM IST