समयपुर बादली के चंदन पार्क में हुए सनसनीखेज हत्याकांड में आरोपी मुनचुन केवट ने पत्नी और तीन बेटियों की गला रेतकर हत्या कर दी। कर्ज और सट्टे के विवाद के बाद रची गई इस साजिश के बाद वह अजमेर भाग गया, जहां से पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

Delhi Police
New Delhi: बाहरी-उत्तरी दिल्ली के समयपुर बादली स्थित चंदन पार्क में 25 फरवरी की सुबह ऐसा खौफनाक मंजर सामने आया, जिसने हर किसी को सन्न कर दिया। अदरक कारोबारी मुनचुन केवट (42) ने अपनी पत्नी और तीन मासूम बेटियों की गला रेतकर हत्या कर दी। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि उसने महज पांच मिनट के भीतर चारों को मार डाला। वारदात को उसने सुबह करीब चार बजे अंजाम दिया। दो दिन पहले ही वह मंडी से 90 रुपये में अनानास काटने वाला चाकू खरीदकर लाया था और मौका तलाश रहा था।
सोते वक्त तीन के गले काटे
आरोपी ने सबसे पहले सो रही पत्नी अनीता (32) पर हमला किया। इसी दौरान बड़ी बेटी अनुष्का (6) की आंख खुल गई तो उसने उसे भी दबोचकर मार डाला। बाकी दोनों बेटियां मुस्कान (5) और पल्लवी (4) को उसने सोते समय ही निशाना बनाया। वारदात के बाद उसने खुद जान देने की भी सोची, लेकिन हिम्मत नहीं जुटा सका। खून से सने कपड़े बदलकर वह सुबह पांच बजे New Delhi Railway Station पहुंचा और वहां से ट्रेन पकड़कर अजमेर के लिए रवाना हो गया। अजमेर से पहले किशनगढ़ स्टेशन पर उतरा, जहां पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। जांच में सामने आया कि उसके खिलाफ 2025 में आदर्श नगर थाने में चोरी का एक मामला भी दर्ज है।
कर्ज और सट्टे ने बनाई साजिश
पुलिस के मुताबिक मुनचुन शराब और सट्टे का आदी था। उसने दोस्तों से उधार लेकर सट्टा खेला और करीब 13 लाख रुपये हार गया। गांव के दोस्त मिथिलेश से लिए कर्ज को लेकर विवाद बढ़ गया। 23 फरवरी को पैसे मांगने पर दोनों में कहासुनी हुई और कथित तौर पर परिवार को नुकसान पहुंचाने की धमकी दी गई। इसी के बाद आरोपी ने परिवार को खत्म करने की साजिश रच डाली।
वारदात से पहले बच्चों को घुमाया बाजार
हत्या से एक दिन पहले वह बच्चों को बाजार ले गया और खरीदारी करवाई। घर लौटने पर पत्नी ने खीर बनाई। सबके सो जाने के बाद वह जागता रहा और तड़के चार बजे वारदात को अंजाम दे दिया। दो दिनों तक वह मौका तलाशता रहा था।
150 पुलिसकर्मी, 800 सीसीटीवी और लंबी तलाश
हत्याकांड के बाद 10 से ज्यादा टीमें बनाई गईं, जिनमें 150 से अधिक पुलिसकर्मी शामिल थे। करीब 800 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। जांच के दौरान आरोपी को ट्रेन में सवार होते देखा गया। इसके बाद पुलिस ने उसे किशनगढ़ से दबोच लिया।