घर से निकलने से पहले देख लें रूट! BRICS Summit रिहर्सल के चलते दिल्ली की 35 से ज्यादा सड़कें प्रभावित

18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन 2026 की तैयारियों को लेकर आज नई दिल्ली में मोटर कारकेड रिहर्सल आयोजित की जा रही है। इसके चलते भारत मंडपम और मध्य दिल्ली की 35 से अधिक प्रमुख सड़कों पर ट्रैफिक डायवर्जन और नियंत्रित आवाजाही लागू रहेगी।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 1 September 2026, 11:12 AM IST

New Delhi: 2026 में होने वाले ब्रिक्स (BRICS) नेताओं के शिखर सम्मेलन की तैयारियों के तहत आज दिल्ली में मोटरकेड की रिहर्सल हो रही है। इस रिहर्सल के दौरान नई दिल्ली के कई इलाकों में ट्रैफिक को रेगुलेट किया जाएगा, यह रिहर्सल सुबह 11:00 बजे से दोपहर 3:00 बजे तक चलेगी। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे प्रभावित रास्तों पर जाने से बचें और वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करें।

35 से ज्यादा सड़कों पर ट्रैफिक रेगुलेशन

रिहर्सल के दौरान 35 से ज्यादा मुख्य सड़कों पर गाड़ियों की आवाजाही को रेगुलेट किया जाएगा। इनमें सरदार पटेल मार्ग, मदर टेरेसा क्रिसेंट, तीन मूर्ति मार्ग, अकबर रोड, तीस जनवरी मार्ग, मथुरा रोड, जनपथ, अशोक रोड, बाराखंभा रोड, टॉल्स्टॉय मार्ग, नीति मार्ग, शांति पथ और एपीजे अब्दुल कलाम रोड जैसे अहम रास्ते शामिल हैं।

यह भी पढ़ें - फरीदाबाद से दिल्ली का सफर करने वाले सावधान! बॉर्डर पर ट्रैफिक डायवर्ट, जानिए कौन से रास्ते रहेंगे खुले

22 जगहों पर डायवर्जन

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने कुल 22 मुख्य डायवर्जन पॉइंट की पहचान की है। इनमें डॉ. दिनेश नंदिनी डालमिया चौक, राम चरण अग्रवाल चौक, मीर दर्द चौक, कस्तूरबा गांधी मार्ग, जनपथ-कनॉट प्लेस, पटेल चौक, आरएमएल अस्पताल गोलचक्कर, धौला कुआं फ्लाईओवर और मोती बाग फ्लाईओवर शामिल हैं।

एयरपोर्ट और रेलवे स्टेशन जाने वाले यात्रियों के लिए सलाह

पुलिस ने एयरपोर्ट, नई दिल्ली रेलवे स्टेशन, पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन और हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन जाने वाले यात्रियों के लिए वैकल्पिक रास्तों का सुझाव दिया है। खासकर एयरपोर्ट जाने वाले यात्रियों को मेट्रो का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है।

बस रूट में हो सकता है बदलाव

ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, मेट्रो सेवा पूरी तरह सामान्य रहेगी और सभी स्टेशन खुले रहेंगे। हालांकि, वीवीआईपी (VVIP) मूवमेंट के दौरान बस रूट में बदलाव किया जा सकता है। टैक्सी और ऑटो-रिक्शा चालकों को भी तय जगहों के अलावा सड़क किनारे गाड़ी पार्क करने से मना किया गया है।

यह भी पढ़ें - आसमान छूने को तैयार भारत: ट्रैफिक जाम से मुक्ति दिलाने जल्द चलेंगी Air Taxi, ट्रैफिक जाम की समस्या होगी छूमंतर

यात्रा के लिए अतिरिक्त समय लेकर चलें

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन या जरूरी काम से बाहर जाने वाले यात्रियों को सलाह दी है कि वे घर से अतिरिक्त समय लेकर निकलें। रेगुलेटेड सड़कों के 200 मीटर के दायरे में पार्किंग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे ट्रैफिक कर्मियों के निर्देशों का पालन करें और पब्लिक ट्रांसपोर्ट का ज्यादा से ज्यादा इस्तेमाल करें।

Location :  New Delhi

Published :  1 September 2026, 11:12 AM IST