
स्वर्ण मंदिर जैसा चमका उज्जैन का सिद्धिविनायक (Img- X)
Ujjain: मध्य प्रदेश में गणेश चतुर्थी का पावन पर्व अपार श्रद्धा, उल्लास और भव्यता के साथ मनाया जा रहा है। उज्जैन और इंदौर समेत पूरे प्रदेश के प्रमुख गणेश मंदिरों में भोर से ही श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ रहा है। इस साल गणेश उत्सव के दौरान मंदिरों में आस्था के साथ-साथ अद्भुत श्रृंगार और ऐतिहासिक महाभोग के ऐसे दृश्य देखने को मिल रहे हैं, जिसने पूरे देश का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है।
धर्मनगरी उज्जैन में महाकालेश्वर मंदिर परिसर स्थित ऐतिहासिक श्री सिद्धिविनायक मंदिर को पंजाब के प्रसिद्ध स्वर्ण मंदिर की तर्ज पर बेहद खूबसूरती से सजाया गया है। यहां गणपति बप्पा को 5.51 लाख मोदक का विशाल महाभोग अर्पित किया गया, जो अपने आप में एक अनूठा रिकॉर्ड है। इसके साथ ही, लोकमान्य तिलक गणेश उत्सव समिति ने श्रद्धालुओं को मिट्टी की गणेश प्रतिमाएं वितरित कर पर्यावरण संरक्षण का एक सुंदर संदेश भी दिया।
गणेश चतुर्थी पर बप्पा का तोहफा: सोने-चांदी के दामों में बड़ी गिरावट, खरीदारी का सुनहरा मौका
इंदौर के विश्व प्रसिद्ध खजराना गणेश मंदिर में बप्पा का रूप देखकर भक्त भावविभोर हो गए। यहां भगवान गणेश का करीब 7 करोड़ रुपए मूल्य के हीरे और सोने से जड़े आभूषणों से दिव्य श्रृंगार किया गया है। इसमें बप्पा का सोने का मुकुट, माता रिद्धि-सिद्धि व शुभ-लाभ के मुकुट, स्वर्ण चंद्रिका और भव्य छत्र शामिल हैं। मंदिर में बप्पा को सवा लाख (1.25 लाख) मोदक का भोग लगाकर भक्तों में प्रसादम बांटा गया।
वहीं खजराना गणेश मंदिर में श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए मंदिर प्रबंधन समिति ने 20 करोड़ रुपये का बीमा (इन्श्योरेंस) कराया है। उत्सव के दौरान जुटने वाली भारी भीड़, भगदड़ या आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए मंदिर के इतिहास में पहली बार ऐसा सुरक्षा कवच तैयार किया गया है।
इंदौर के प्रसिद्ध 'बड़ा गणपति' मंदिर में स्थापित भगवान गणेश की विशाल प्रतिमा के दर्शन के लिए भी दूर-दूर से लोग पहुंच रहे हैं। यहां बप्पा को 101 किलो के लड्डुओं का महाभोग लगाया गया है। वहीं महाकाल में गणपति बप्पा को 5.51 लाख मोदक का भोग लगाया गया। उत्सव के दौरान रोजाना शाम को विशेष संगीतमय आरती का आयोजन हो रहा है, जिससे पूरा माहौल भक्तिमय और गुंजायमान हो उठा है।
मंदिर परिसर में भीड़ नियंत्रण के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। जिला प्रशासन लगातार सीसीटीवी और बैरिकेडिंग के जरिए व्यवस्थाओं की मॉनिटरिंग कर रहा है, जिससे भक्तों को सुलभ दर्शन मिल सकें।
Location : Ujjain
Published : 15 September 2026, 9:21 AM IST